मायावती का सपा-कांग्रेस पर निशाना: ‘वोट के लिए कांशीराम की जयंती मना रहे दलित विरोधी दल’

लखनऊ, जनमुख न्यूज़। मायावती ने समाजवादी पार्टी और भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस पर तीखा हमला बोलते हुए कहा है कि विधानसभा चुनाव नजदीक आते ही ये दल वोट बैंक के लिए कांशीराम की जयंती मना रहे हैं। उन्होंने इसे इन पार्टियों की सोची-समझी रणनीति बताया।
बसपा सुप्रीमो ने कहा कि कांग्रेस ने केंद्र में सत्ता में रहते हुए कांशीराम को भारत रत्न नहीं दिया, लेकिन अब दूसरी सरकार से इसकी मांग करना हास्यास्पद है। उन्होंने आरोप लगाया कि ये दल शुरू से ही बहुजन समाज पार्टी को कमजोर करने की कोशिश करते रहे हैं, जबकि इसकी मजबूत नींव कांशीराम ने खुद रखी थी।
मायावती ने कहा कि बसपा की नींव इतनी मजबूत है कि इसे कोई हिला नहीं सकता। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि इन पार्टियों ने कांशीराम के जीवनकाल में उनकी उपेक्षा की और उनके सम्मान में बसपा सरकार द्वारा किए गए कार्यों को भी बाद में बदल दिया गया।
उन्होंने कहा कि अब ये पार्टियां अपने महापुरुषों के बजाय बसपा के महापुरुषों को भुनाने में लगी हैं। साथ ही उन्होंने कार्यकर्ताओं को सलाह दी कि ऐसे लोगों से दूरी बनाए रखें।
मायावती ने यह भी याद दिलाया कि कांशीराम ने ऐसे लोगों की मानसिकता पर प्रहार करते हुए ‘चमचा युग’ नाम से पुस्तक लिखी थी, जिसमें इस तरह की राजनीति का जिक्र किया गया है।

