वाराणसी में ईद की नमाज सकुशल संपन्न, जामा मस्जिद पर उमड़ा अकीदतमंदों का सैलाब

वाराणसी, जनमुख न्यूज़। जिले में आज ईद की नमाज शांतिपूर्ण और सकुशल संपन्न हुई। शहर की प्रमुख मस्जिद जामा मस्जिद में हजारों की संख्या में मुस्लिम समाज के लोगों ने ईद की नमाज अदा की। नमाज के बाद लोगों ने एक-दूसरे को गले लगाकर ईद की मुबारकबाद दी और भाईचारे का संदेश दिया।
ईद के मौके पर प्रशासन द्वारा सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। मस्जिद और आसपास के क्षेत्रों में पुलिस बल की तैनाती के साथ-साथ ड्रोन कैमरों के जरिए निगरानी की गई, जिससे पूरे आयोजन को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराया जा सका।
नमाज के बाद कई लोगों ने विश्व शांति के लिए विशेष दुआ की। कुछ मुस्लिम भाइयों ने ईरान के समर्थन में पश्चिमी देशों के सामानों के बहिष्कार की अपील भी की और युद्ध की स्थिति को समाप्त करने की कामना की।
इस दौरान मुस्लिम समुदाय के लोगों ने कहा कि काशी को गंगा-जमुनी तहजीब का प्रतीक माना जाता है। यहां हिंदू और मुस्लिम समुदाय के बीच आपसी भाईचारा और सौहार्द की परंपरा रही है। शहर में सभी धर्मों के लोग एक-दूसरे के त्योहारों को मिलजुलकर मनाते हैं, जो वाराणसी की सांस्कृतिक पहचान है।
ईद के अवसर पर शहर में खुशी और उत्साह का माहौल देखने को मिला तथा लोगों ने अमन, भाईचारे और आपसी सौहार्द का संदेश दिया।

