ग्रेटर नोएडा की इलेक्ट्रॉनिक चिप फैक्ट्री में भीषण आग, दीवार गिरने से दो दमकलकर्मियों की मौत

ग्रेटर नोएडा, जनमुख न्यूज़। ईकोटेक-3 थाना क्षेत्र स्थित आईएलजीआईएम (ILGIM) कंपनी में सोमवार देर रात भीषण आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। इलेक्ट्रॉनिक चिप बनाने वाली इस फैक्ट्री में आग की सूचना मिलते ही पुलिस और फायर सर्विस की कई टीमें दमकल वाहनों के साथ मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया।
आग बुझाने के दौरान बड़ा हादसा हो गया। कंपनी की एक साइड की दीवार और लोहे का भारी बीम अचानक भरभराकर गिर पड़ा, जिसकी चपेट में पांच दमकलकर्मी आ गए। सभी घायलों को तत्काल मलबे से निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया।
अस्पताल में चिकित्सकों ने फायरमैन रोहित यादव और मुख्य आरक्षी चालक तीरथपाल सिंह को मृत घोषित कर दिया। वहीं, मुख्य आरक्षी चालक राजपाल सिंह, फायरमैन मनीष कुमार और अमित कुमार का इलाज जारी है। पुलिस के अनुसार तीनों घायलों की हालत फिलहाल खतरे से बाहर है।पुलिस ने बताया कि सोमवार मध्यरात्रि फैक्ट्री में आग लगने की सूचना मिलते ही ईकोटेक-3 थाना पुलिस और फायर सर्विस की टीमें मौके पर पहुंचीं। आग पर काबू पाने के प्रयास के दौरान यह हादसा हुआ। फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है और पूरे मामले की विस्तृत पड़ताल जारी है।

