वाराणसी: कैंसर संस्थान की चौथी मंजिल से कूदकर मरीज ने दी जान, जांच में जुटी पुलिस

वाराणसी, जनमुख न्यूज़। चितईपुर थाना क्षेत्र स्थित महामना मदन मोहन मालवीय कैंसर संस्थान में सोमवार देर रात एक कैंसर मरीज ने चौथी मंजिल से छलांग लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी मच गई।
मृतक की पहचान बिहार के मुजफ्फरपुर जिले के पारु थाना क्षेत्र के मोहजम्मा गांव निवासी 35 वर्षीय रामेश्वर कुमार के रूप में हुई है। वह पिछले एक माह से कैंसर का इलाज कराने के लिए संस्थान में भर्ती था। बताया जा रहा है कि शनिवार को उसका ऑपरेशन भी हुआ था।
जानकारी के अनुसार, सोमवार रात करीब 12:50 बजे रामेश्वर आईपीडी वार्ड नंबर-4 की चौथी मंजिल पर पहुंचा और वहां से नीचे छलांग लगा दी। तेज आवाज सुनकर अस्पताल के कर्मचारी और सुरक्षा कर्मी मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
घटना की सूचना मिलते ही चितईपुर पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है। प्रारंभिक जांच में आत्महत्या की आशंका जताई जा रही है, हालांकि घटना के सभी पहलुओं की जांच के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा।

