वाराणसी के ग्रामीण इलाके में स्पा सेंटर की आड़ में सेक्स रैकेट का खुलासा, 5 लोग हिरासत में

वाराणसी, जनमुख न्यूज़। ग्रामीण क्षेत्र में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए स्पा सेंटर की आड़ में चल रहे अवैध गतिविधियों का भंडाफोड़ किया है। राजातालाब थाना क्षेत्र के कचनार इलाके में एसओजी-2 और स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीम ने छापेमारी कर तीन महिलाओं और दो पुरुषों को हिरासत में लिया है।पुलिस के अनुसार, इस स्थान को लेकर पिछले कई दिनों से शिकायतें मिल रही थीं कि यहां स्पा सेंटर के नाम पर अनैतिक कार्य संचालित किए जा रहे हैं। स्थानीय लोगों ने भी यहां संदिग्ध गतिविधियों और युवाओं के बढ़ते आवागमन को लेकर पुलिस को सूचना दी थी।जांच में सामने आया कि जिस स्थान पर यह गतिविधि चल रही थी, वहां किसी प्रकार का बोर्ड या पहचान चिह्न नहीं लगाया गया था, जिससे यह और अधिक संदिग्ध बन गया। शिकायतों की पुष्टि के बाद पुलिस ने रविवार को छापेमारी की कार्रवाई की।छापे के दौरान पुलिस ने मौके से आपत्तिजनक सामग्री भी बरामद की है। बताया जा रहा है कि स्पा सेंटर के अंदर छोटे-छोटे केबिन बनाकर अवैध गतिविधियों को अंजाम दिया जा रहा था।फिलहाल हिरासत में लिए गए सभी लोगों से पूछताछ की जा रही है और पूरे मामले की गहन जांच जारी है।

