गंगा स्नान के दौरान हादसा: पंचगंगा घाट पर युवक की डूबने से मौत

वाराणसी, जनमुख न्यूज़। कोतवाली थाना क्षेत्र स्थित Panchganga Ghat पर बुधवार सुबह स्नान के दौरान एक व्यक्ति की डूबने से मौत हो गई। मृतक की पहचान बिहार के रोहतास निवासी 45 वर्षीय श्याम कुमार के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, श्याम कुमार अपने साथियों के साथ सुबह गंगा स्नान के लिए घाट पर पहुंचे थे। इसी दौरान वह अचानक गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। साथ मौजूद लोगों ने शोर मचाकर मदद मांगी, जिसके बाद स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस और एनडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और संयुक्त रूप से सर्च ऑपरेशन शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद गोताखोरों ने श्याम कुमार को पानी से बाहर निकाला, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।
कोतवाली थाना प्रभारी दया शंकर सिंह ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

