निर्माणाधीन पुल पर बड़ा हादसा: लोहे का ढांचा गिरा, दो मजदूरों की मौत, एक गंभीर

बलिया, जनमुख न्यूज़। जिले के बेल्थरारोड क्षेत्र में तुर्तीपार के पास सरयू नदी पर बन रहे नए पुल पर बुधवार सुबह बड़ा हादसा हो गया। Turti Par Bridge के निर्माण कार्य के दौरान पिलर पर काम करते समय लोहे का भारी ढांचा अचानक गिर गया, जिससे चार मजदूर मलबे में दब गए।
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। जेसीबी की मदद से सभी मजदूरों को मलबे से बाहर निकालकर सीएचसी सीयर पहुंचाया गया। जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद पप्पू (30) और अमित (30), निवासी लखीमपुर खीरी, को मृत घोषित कर दिया।
वहीं, जुगल (27) निवासी पीलीभीत गंभीर रूप से घायल है और उसका इलाज जारी है, जबकि एक अन्य मजदूर को मामूली चोटें आई हैं।
सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंच गए और हादसे की जांच शुरू कर दी गई है। शुरुआती जांच में निर्माण कार्य में लापरवाही और सुरक्षा मानकों की अनदेखी को दुर्घटना का कारण माना जा रहा है।

