वाराणसी में देह व्यापार रैकेट का भंडाफोड़: SOG-2 की छापेमारी में 6 गिरफ्तार

वाराणसी, जनमुख न्यूज़। चितईपुर थाना क्षेत्र के सुंदरपुर इलाके में स्थित सन फ्लॉवर एकेडमी के पास एक मकान में चल रहे कथित देह व्यापार रैकेट का पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। कमिश्नरेट की SOG-2 टीम ने रविवार को गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर चार युवकों और दो युवतियों को मौके से गिरफ्तार किया।
जानकारी के मुताबिक, यह कार्रवाई दीपक सिंह नामक व्यक्ति के आवास पर की गई, जहां लंबे समय से अवैध गतिविधियां संचालित होने की शिकायतें मिल रही थीं। स्थानीय लोगों द्वारा कई बार पुलिस को सूचना दिए जाने के बाद एसओजी टीम ने योजना बनाकर रेड डाली।
छापेमारी के दौरान टीम को मौके से प्रतिबंधित शक्तिवर्धक दवाएं और अन्य आपत्तिजनक सामग्री भी बरामद हुई है। पुलिस के अनुसार, पकड़े गए सभी लोग इस अवैध धंधे में संलिप्त थे।
फिलहाल पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है और पूरे नेटवर्क की जांच शुरू कर दी है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि इस रैकेट से और कौन-कौन लोग जुड़े हैं।

