CHS प्रवेश परीक्षा में बड़ी गड़बड़ी: एक ही रोल नंबर पर दो छात्र पहुंचे, सिस्टम पर उठे सवाल

वाराणसी, जनमुख न्यूज़। बीएचयू से संचालित सेंट्रल हिंदू स्कूल (CHS) की कक्षा 11 प्रवेश परीक्षा के दौरान बड़ी अनियमितता सामने आई है। एक ही रोल नंबर पर दो अलग-अलग छात्रों के परीक्षा केंद्र पहुंचने से परीक्षा प्रणाली की विश्वसनीयता पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।जानकारी के अनुसार, दिव्यांशु सोनकर और उज्ज्वल कुमार सुबह 7 बजे साइंस फैकल्टी स्थित केंद्र पर परीक्षा देने पहुंचे। दोनों के एडमिट कार्ड पर दर्ज रोल नंबर पर पहले से ही एक अन्य छात्र बैठा हुआ था। इस स्थिति से मौके पर हड़कंप मच गया।आरोप है कि बिना गहन जांच के प्रॉक्टोरियल बोर्ड ने दोनों छात्रों के खिलाफ तहरीर लिखकर उन्हें लंका थाने भेज दिया और उन्हें फर्जी एडमिट कार्ड के इस्तेमाल का आरोपी बताया।वहीं, छात्रों के अभिभावकों का कहना है कि घटना के कुछ घंटों बाद एडमिट कार्ड में बदलाव कर दिया गया। उनका दावा है कि जब दोबारा प्रिंट निकाला गया तो रोल नंबर और परीक्षा केंद्र बदल चुका था, जिससे पूरे मामले पर संदेह और गहरा गया है।घटना के विरोध में विश्वविद्यालय के छात्र परीक्षा नियंत्रक कार्यालय पहुंच गए और दोषी अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। छात्रों ने मांग की कि मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए और जिम्मेदार लोगों पर एफआईआर दर्ज की जाए।फिलहाल, यह मामला बीएचयू की परीक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़ा कर रहा है और छात्र-छात्राओं में नाराजगी देखी जा रही है।

