बरात से लौटते समय दर्दनाक हादसा: जायलो पलटने से 3 की मौत, 5 घायल

वाराणसी, जनमुख न्यूज़। वाराणसी-शक्तिनगर राजमार्ग पर शनिवार तड़के एक भीषण सड़क हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि पांच अन्य घायल हो गए। यह हादसा रॉबर्ट्सगंज कोतवाली क्षेत्र के लोढ़ी इलाके में हुआ, जहां तेज रफ्तार जायलो अनियंत्रित होकर पलट गई। सभी यात्री बरात से लौट रहे थे।जानकारी के अनुसार, यूपी 64 एल 0055 नंबर की जायलो में सवार लोग खलियारी बैनी रायपुर गांव से बरात में शामिल होकर कन्होरा (थाना चोपन) लौट रहे थे। शनिवार सुबह करीब 3:30 बजे एआरटीओ कार्यालय के पास वाहन अचानक अनियंत्रित हो गया और पलट गया।हादसे में दिलीप पासवान (22), नीतीश यादव (27) और जितेंद्र साहनी (18) की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं मुकेश (17), इंद्रेश (14), पंकज (18), छोटेलाल साहनी (32) और सुग्रीव (27) गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां चालक छोटेलाल साहनी की हालत नाजुक होने पर उसे ट्रामा सेंटर रेफर किया गया है।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। दुर्घटनाग्रस्त वाहन को हटाकर यातायात को सुचारू कराया गया। इस घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है। पुलिस के अनुसार स्थिति नियंत्रण में है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।

