वाराणसी में युवक की चाकू मारकर हत्या, दोस्त गिरफ्तार; नशे में हुए विवाद के बाद वारदात का आरोप

वाराणसी, जनमुख न्यूज़। भेलूपुर थाना क्षेत्र स्थित बड़ी गैबी इलाके में सोमवार देर रात एक युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान दीपांशु राय उर्फ लक्की के रूप में हुई है। पुलिस ने मामले में उसके दोस्त पीयूष पांडेय को गिरफ्तार कर लिया है और उससे पूछताछ के आधार पर घटना के कारणों की जांच की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, डायल-112 पर सूचना मिली थी कि एक युवक चाकू लगने से गंभीर रूप से घायल हो गया है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल दीपांशु को बीएचयू ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
एसीपी भेलूपुर गौरव कुमार ने बताया कि प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि दीपांशु और पीयूष पिछले करीब एक वर्ष से एक ही कमरे में साथ रह रहे थे। दोनों हरिश्चंद्र घाट पर समय बिताते थे और घटना वाली रात भी साथ थे। आरोप है कि रात करीब 10:30 बजे कमरे पर लौटने के बाद दोनों के बीच खाना बनाने और बर्तन धोने को लेकर विवाद हो गया। इसी दौरान पीयूष ने कथित रूप से सब्जी काटने वाले चाकू से दीपांशु के पेट पर वार कर दिया।
पुलिस ने आरोपी पीयूष पांडेय को हिरासत में लेकर बाद में हत्या के आरोप में गिरफ्तार कर लिया। अधिकारियों के अनुसार, मामले की गहन जांच जारी है और सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है। पुलिस ने यह भी बताया कि दीपांशु राय के पिता का करीब छह माह पहले निधन हो गया था। घटना के पीछे की परिस्थितियों और अन्य तथ्यों की पुष्टि के लिए आगे की जांच की जा रही है।

