नारी शक्ति ही हैं, नए भारत की असली ताकत-नरेन्द्र मोदी

वाराणसी, जनमुख न्यूज़। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने दो दिवसीय दौरे पर मंगलवार को अपने संसदीय क्षेत्र वाराणसी पहुंचे, जहां उनका भव्य स्वागत हुआ। एयरपोर्ट से लेकर शहर के विभिन्न मार्गों तक ‘हर-हर महादेव’ और ‘मोदी-मोदी’ के नारों से वातावरण गूंज उठा। प्रधानमंत्री के आगमन को लेकर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे और पूरे शहर को सूचना विभाग द्वारा होर्डिंग, स्टैंडी, कटआउट आदि से आकर्षक ढंग से सजाया गया था। इस दौरान प्रधानमंत्री ने बीएलडब्ल्यू मैदान में आयोजित विशाल महिला सम्मेलन को संबोधित किया, जिसमें हजारों की संख्या में महिलाओं ने भाग लिया। सम्मेलन स्थल पर महिलाओं का उत्साह देखते ही बन रहा था। सम्मेलन में प्रतिभाग के रही महिलाओं को बैठने के बनाए गए सभी सेक्टर में प्रधानमंत्री ने स्वयं जाकर महिलाओं का अभिवादन किया।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नारी वंदन सम्मेलन में “हर-हर महादेव” के उद्घोष के साथ अपने संबोधन की शुरुआत की। प्रधानमंत्री ने काशी की आध्यात्मिक महत्ता का उल्लेख करते हुए कहा कि यह नगरी माता श्रृंगार गौरी, माता अन्नपूर्णा, माता विशालाक्षी, माता संकट मोचन की शक्ति और मां गंगा की पावन धारा से समृद्ध है। उन्होंने कहा कि इस पवित्र भूमि पर बहनों का यह विशाल समागम कार्यक्रम को और अधिक दिव्य बना रहा है। प्रधानमंत्री ने काशी की महिलाओं को नमन करते हुए कहा कि आज का यह अवसर नारी शक्ति के वंदन और विकास का उत्सव है। उन्होंने बताया कि इस दौरान हजारों करोड़ रुपये की विभिन्न परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया गया है, जो क्षेत्र के विकास को नई गति देंगे। उन्होंने कहा कि काशी से पुणे और अयोध्या से मुंबई के लिए शुरू की गई अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेनों से आम जनता को बड़ा लाभ मिलेगा। इससे महाराष्ट्र के लोगों को काशी विश्वनाथ धाम और अयोध्या आने के लिए एक आधुनिक और सुविधाजनक विकल्प मिलेगा। उन्होंने कहा कि देश को विकसित बनाने का कार्य तेजी से आगे बढ़ रहा है और इसमें भारत की नारी शक्ति की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है। प्रधानमंत्री ने कहा कि वह एक नए युग की शुरुआत के लिए माताओं-बहनों का आशीर्वाद लेने आए हैं। साथ ही उन्होंने महिला सशक्तिकरण को आगे बढ़ाते हुए महिला आरक्षण को लागू करने की प्रतिबद्धता भी दोहराई।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने महिला सशक्तिकरण को सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता बताया। उन्होंने कहा कि आज देश की महिलाएं हर क्षेत्र में आगे बढ़ रही हैं और सरकार उनकी प्रगति में हर संभव सहयोग दे रही है। प्रधानमंत्री ने कहा कि “नारी शक्ति ही नए भारत की असली ताकत है, और जब महिलाएं आगे बढ़ती हैं तो पूरा समाज आगे बढ़ता है।” पीएम मोदी ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि देश में लंबे समय तक महिलाएं उपेक्षित रहीं। उन्होंने कहा कि कई बार महिलाओं से सवाल तक नहीं पूछे जाते थे और सीधे निर्णय थोप दिए जाते थे। यह स्थिति केवल काशी ही नहीं, बल्कि देश के अधिकांश हिस्सों में बहन-बेटियों का अनुभव रही है। प्रधानमंत्री ने कहा कि जब वह करीब 25 वर्ष पहले गुजरात के मुख्यमंत्री बने, तब उन्होंने इस सोच को बदलने का संकल्प लिया। उन्होंने बेटियों की शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए विशेष योजनाएं शुरू की, जिससे अधिक से अधिक लड़कियां स्कूल पहुंच सकें। उन्होंने कहा कि वर्ष 2014 में जब देश की माताओं-बहनों ने उन्हें सेवा का अवसर दिया, तब से भारत तेजी से विकास के पथ पर आगे बढ़ रहा है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि कुछ परिवारवादी दल नारी शक्ति से भयभीत हैं और नहीं चाहते कि महिलाएं विधानसभा और संसद तक पहुंचें। विपक्ष को डर है कि यदि महिलाएं बड़ी संख्या में राजनीति में आईं, तो उनकी पारंपरिक राजनीति समाप्त हो जाएगी। उन्होंने कहा कि अपनी भारतीय जनता पार्टी और एनडीए की सोच “नारी शक्ति का सम्मान” और “नागरिक देवो भव:” की भावना पर आधारित है। प्रधानमंत्री ने महिलाओं से आह्वान किया कि वे देश को विकसित बनाने के इस अभियान में बढ़-चढ़कर भागीदारी करें।
उन्होंने विशेष रूप से जोर देते हुए कहा कि वे नारी वंदन के इस प्रयास को लागू करने में कोई कसर नहीं छोड़ेंगे। कहा कि विपक्षी दलों की वजह से लक्ष्य अधूरा रह गया।’ ‘महिलाओं के सशक्तीकरण से देश मजबूत होगा।’ उन्होंने बताया कि 30 करोड़ से अधिक बहनों के लिए बैंक खाते खोले गए। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सम्मेलन में महिलाओं से कहा कि वे इस कार्यक्रम में महा यज्ञ के प्रारंभ के लिए सभी बहनों और बेटियों का आशीर्वाद लेने आए हैं। उन्होंने कहा कि काशी के सांसद के रूप में, देश के प्रधानमंत्री के रूप में, देश के कल्याण के एक महत्वपूर्ण लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए उनके आशीर्वाद की आवश्यकता है। और यह महत्वपूर्ण लक्ष्य लोकसभा और विधानसभा में महिलाओं के लिए आरक्षण लागू करना है। उन्होंने महिलाओं को आश्वस्त किया कि महिलाओं के आरक्षण अधिकारों को लागू करवाने के लिए वे कोई कसर नहीं छोड़ेंगे। प्रधानमंत्री ने काशी के विकास कार्यों का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि पिछले कुछ वर्षों में वाराणसी का स्वरूप पूरी तरह बदल गया है। शहर में आधारभूत सुविधाओं का विस्तार हुआ है और पर्यटन को भी बढ़ावा मिला है। काशी विश्वनाथ कॉरिडोर का जिक्र करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि यह परियोजना काशी की पहचान को वैश्विक स्तर पर स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। उन्होंने कहा कि गंगा घाटों का सौंदर्यीकरण, सड़कों का चौड़ीकरण और आधुनिक सुविधाओं के विकास से शहर में नया जीवन आया है। प्रधानमंत्री ने विपक्षी दलों पर भी निशाना साधते हुए कहा कि कुछ लोग केवल राजनीति के लिए काम करते हैं, जबकि उनकी सरकार देश के विकास और जनता के कल्याण के लिए समर्पित है। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार ने बिना भेदभाव के सभी वर्गों के लिए काम किया है और यही कारण है कि जनता का विश्वास लगातार बढ़ रहा है। सम्मेलन में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रधानमंत्री का स्वागत करते हुए विकास की रूपरेखा खींचने के साथ महिलाओं के हितों के लिए सरकार के किए जा रहे प्रयासों का विस्तार से उल्लेख किया। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का स्वागत करते हुए उन्हें “नए भारत का निर्माता” बताया और कहा कि प्रधानमंत्री के विजन और नेतृत्व का ही परिणाम है कि आज देश एक नए युग की ओर बढ़ रहा है और हम सभी नए भारत का साक्षात दर्शन कर रहे हैं। योगी आदित्यनाथ ने कहा कि यह सम्मेलन महिलाओं के सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की आधी आबादी की ओर से वह प्रधानमंत्री का स्वागत करते हैं और उनके नेतृत्व में देश निरंतर प्रगति कर रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि नया भारत केवल भौतिक विकास तक सीमित नहीं है, बल्कि यह समग्र विकास की अवधारणा को भी आत्मसात कर रहा है। समाज के हर वर्ग को साथ लेकर आगे बढ़ने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि विकसित भारत की संकल्पना अब साकार होती दिखाई दे रही है और देश तेज गति से उस दिशा में अग्रसर है। प्रधानमंत्री के नेतृत्व में काशी में हुए विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि आज “काशी” दुनिया के लिए आकर्षण का केंद्र बना। काशी विश्वनाथ चेतना का केंद्र बिंदु के रूप में हम सबको देखने को मिला है।मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बताया कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में वाराणसी में अब तक 35000 करोड़ की विकास परियोजनाएं पूर्ण हो चुकी है, वहीं 20000 करोड़ की विकास परियोजनाएं वाराणसी में गतिमान है। योगी आदित्यनाथ ने विपक्ष पर जमकर हमला किया। उन्होंने कहा कि आधी आबादी के मन विपक्ष के खिलाफ गुस्सा है।
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद नितिन नबीन ने सम्मेलन में कहा कि नरेंद्र मोदी ने देश की आधी आबादी को वह सम्मान दिया है, जो पूर्ववर्ती सरकारें नहीं दे सकीं। उन्होंने कहा कि कि महिलाओं के सशक्तिकरण को केंद्र में रखकर सरकार ने कई ऐतिहासिक कदम उठाए हैं। नवीन ने काशी की विशेषता का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि यह केवल एक शहर या भौगोलिक इकाई नहीं, बल्कि एक जीवंत चेतना है। जिस प्रकार मां गंगा भारतीय संस्कृति को सिंचित करती हैं, उसी प्रकार देश की महिलाएं परिवार और समाज के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। उन्होंने विशेष रूप से जोर देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश की आधी आबादी को वह सम्मान दिया है, जो पूर्ववर्ती सरकारें नहीं दे सकीं। उन्होंने काशी की विशेषता का उल्लेख करते हुए कहा कि यह केवल एक शहर या भौगोलिक इकाई नहीं, बल्कि एक जीवंत चेतना है। जिस प्रकार मां गंगा भारतीय संस्कृति को सिंचित करती हैं, उसी प्रकार देश की महिलाएं परिवार और समाज के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री की विभिन्न महिला कल्याणकारी योजनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के माध्यम से करोड़ों महिलाओं को धुएं से मुक्ति मिली है। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत महिलाओं को घर का मालिकाना हक दिया गया, जिससे उनका सामाजिक सम्मान बढ़ा है। इसके अलावा बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ जैसी योजनाओं ने बेटियों के भविष्य को सुरक्षित करने में अहम भूमिका निभाई है।
नितिन नबिन ने कहा कि आज महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए स्वयं सहायता समूहों और विभिन्न योजनाओं के माध्यम से नए अवसर दिए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में महिलाओं के जीवन में जो सकारात्मक बदलाव आया है, वह अभूतपूर्व है। अपने भावुक संबोधन में उन्होंने कहा कि वह उस मां को नमन करते हैं, जिन्होंने नरेंद्र मोदी जैसे पुत्र को जन्म दिया। उन्होंने कहा कि महिलाओं के उत्थान के लिए किए गए कार्य सराहना और गर्व के पात्र हैं। सम्मेलन में उपस्थित महिलाओं ने भी इस दौरान जोरदार उत्साह दिखाया। आज महिलाएं एआई से लेकर ओलंपियाड और खेल का नेतृत्व कर रही हैं। बेटी बढ़ाओ बेटी बचाओ जैसी योजनाओं से महिलाएं और बेटियां सशक्त हो रही हैं। ट्रिपल तलाक पर लिए गए फैसले से मुस्लिम महिलाओं को सम्मान मिला है। मैंने काशी की विरासत को देखा है। आपके नेतृत्व में काशी जैसा शहर जीवंत हो उठा है। इससे पूर्व प्रधानमंत्री को जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम मौर्या ने काष्ठ कलाकृति भेंट की। विभिन्न संगठनों की ओर से जीआई टैग जरदोजी, मोर, पंचमुखी गणेश की प्रतिमा, नमो घाट का प्रतीक आदि भी उनको भेंट किया गया।
कार्यक्रम में पीएम मोदी ने यही दो अमृत भारत ट्रेनों को हरी झंडी दिखाकर पुणे के लिए रवाना किया। महिला सम्मेलन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन, राज्यपाल आनंदी बेन पटेल, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी, जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम मोर्या के साथ 40 से अधिक पार्षद व महिला ग्राम प्रधान मंचासिन रही।
बरेका में आयोजित महिला सम्मेलन में कैबिनेट मंत्री अनिल राजभर, राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) रविंद्र जायसवाल, राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ दयाशंकर मिश्र ”, महापौर अशोक कुमार तिवारी, जिलाध्यक्ष व एमएलसी हंसराज विश्वकर्मा, एमएलसी धर्मेंद्र राय, एमएलसी अश्विनी त्यागी, पूर्व मंत्री एवं विधायक डॉ नीलकंठ तिवारी, विधायक सौरभ श्रीवास्तव, विधायक डॉ अवधेश सिंह, विधायक टी.राम, विधायक सुनील पटेल, पूर्व विधायक जगदीश पटेल, एमएलसी धर्मेंद्र राय, प्रदेश भाजपा महामंत्री संगठन धर्मपाल सिंह, क्षेत्रीय अध्यक्ष दिलीप पटेल, महानगर अध्यक्ष प्रदीप अग्रहरि, प्रदेश मंत्री शंकर गिरी, मीना चौबे, प्रदेश कोषाध्यक्ष मनीष कपूर, क्षेत्रीय मीडिया प्रभारी नवरतन राठी, सह प्रभारी संतोष सोलापुरकर, नवीन कपूर, जगदीश त्रिपाठी, अशोक पटेल, संजय सोनकर, प्रवीण सिंह गौतम, सुरेश सिंह, सुरेंद्र पटेल, शैलेंद्र मिश्रा, नम्रता चौरसिया, कुसुम पटेल, विनिता सिंह, साधना वेदांती, गीता शास्त्री, रचना अग्रवाल, निर्मला सिंह पटेल, पूजा दीक्षित, नेहा कक्कड आदि प्रमुख रुप से उपस्थित रही।
इससे पूर्व उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन और केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी के साथ श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में पूजा-अर्चना की। बाबा दरबार में सभी ने हाजिरी लगाई और बाबा का अभिषेक किया।

