जयपुर में प्रदर्शन के दौरान CJP संस्थापक अभिजीत दीपके को युवक ने मारा थप्पड़, मचा हंगामा

जयपुर, जनमुख न्यूज़। राजधानी जयपुर के शहीद स्मारक पर सोमवार को कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के प्रदर्शन के दौरान उस समय हंगामा खड़ा हो गया, जब पार्टी के संस्थापक अभिजीत दीपके को एक युवक ने मंच के निकट पहुंचकर थप्पड़ मार दिया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। पार्टी समर्थकों ने युवक को पकड़ लिया और उसकी पिटाई शुरू कर दी। बाद में पुलिस ने हस्तक्षेप कर युवक को हिरासत में ले लिया।
कॉकरोच जनता पार्टी की ओर से नीट पेपर लीक, भर्ती परीक्षाओं में कथित धांधली, शिक्षा व्यवस्था में सुधार और बढ़ती बेरोजगारी के मुद्दों को लेकर प्रदर्शन आयोजित किया गया था। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र, युवा, अभिभावक और महिलाएं शामिल हुए थे।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, अभिजीत दीपके के शहीद स्मारक पहुंचने पर समर्थक उन्हें कंधों पर उठाकर कार्यक्रम स्थल तक ले जा रहे थे। इसी दौरान भीड़ में मौजूद एक युवक उनके करीब पहुंचा और अचानक थप्पड़ मार दिया। घटना के बाद समर्थकों में नाराजगी फैल गई और उन्होंने युवक को घेर लिया। पुलिस ने तत्काल मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया और आरोपी युवक को हिरासत में ले लिया।बताया जा रहा है कि कार्यक्रम के दौरान इससे पहले भी कुछ युवकों के बीच नारेबाजी को लेकर विवाद हुआ था, जो धक्का-मुक्की तक पहुंच गया था। पुलिस ने समय रहते हस्तक्षेप कर स्थिति सामान्य कर दी थी।प्रदर्शन में शामिल युवाओं ने हाथों में विभिन्न मांगों और नारों वाले पोस्टर लेकर सरकार के खिलाफ आवाज उठाई।
प्रदर्शनकारियों ने “पेपर लीक बंद करो”, “युवाओं को न्याय दो” और “मुझे देश से प्यार है, भ्रष्टाचार अस्वीकार है” जैसे नारे लगाए। कई प्रदर्शनकारी तिरंगा लेकर भी पहुंचे थे।कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय शिक्षा मंत्री Dharmendra Pradhan के इस्तीफे की मांग भी उठाई गई। प्रदर्शनकारियों का आरोप था कि लगातार सामने आ रहे पेपर लीक मामलों से लाखों युवाओं का भविष्य प्रभावित हो रहा है।प्रदर्शन शुरू होने से पहले CJP कार्यकर्ताओं ने शहीद स्मारक के मुख्य द्वार पर कॉकरोच का प्रतीकात्मक चित्र बनाया और “धर्मेंद्र प्रधान इस्तीफा दो” के नारे लिखे, जो पूरे कार्यक्रम के दौरान चर्चा का विषय बने रहे।
घटना के बाद अभिजीत दीपके ने कहा कि शारीरिक हमले डर और कायरता की निशानी हैं। उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी लोकतांत्रिक और शांतिपूर्ण तरीके से अपनी आवाज उठाती रहेगी। उन्होंने कहा कि वे महात्मा गांधी और डॉ. भीमराव आंबेडकर के विचारों में विश्वास रखते हैं और अपनी लड़ाई प्रेम तथा अहिंसा के रास्ते पर जारी रखेंगे। साथ ही उन्होंने एक बार फिर केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग दोहराई।

