वाराणसी STF का बड़ा एक्शन: झारखंड बैंक डकैती के 3 आरोपी गिरफ्तार, लाखों की नकदी और सोना बरामद

वाराणसी, जनमुख डेस्क। स्पेशल टास्क फोर्स (STF) को बड़ी सफलता मिली है। टीम ने झारखंड के हजारीबाग में हुई बैंक डकैती से जुड़े तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। ये आरोपी यूपी में भी नई वारदातों की साजिश रच रहे थे।गोपनीय सूचना के आधार पर STF ने सारनाथ के सिंहपुर इलाके में छापेमारी कर तीनों को दबोच लिया। गिरफ्तार बदमाशों के पास से लाखों रुपये नकद, सोना, एक कार और कई मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। साथ ही पूर्व की चोरी और डकैती से जुड़े अहम साक्ष्य भी हाथ लगे हैं।प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि गिरोह अब तक कई कुंतल सोने की चोरी कर चुका है और लूटी गई रकम को गोरखपुर और मऊ में प्रॉपर्टी खरीदने में लगाया गया। आरोपियों ने अपने परिजनों के नाम पर भी करोड़ों रुपये की संपत्तियां दर्ज कराई हैं।
STF के अनुसार यह गिरोह बेहद संगठित तरीके से वारदातों को अंजाम देता था। ये लोग विभिन्न राज्यों में घूमकर शहर के बाहरी इलाकों में स्थित कम भीड़भाड़ वाले बैंक और प्राइवेट गोल्ड लोन कंपनियों को निशाना बनाते थे।

