वाराणसी में शिक्षकों का प्रदर्शन: DIOS कार्यालय पर धरना, सरकार पर वादाखिलाफी के आरोप

वाराणसी, जनमुख न्यूज़। आज उप्र माध्यमिक शिक्षक संघ के बैनर तले शिक्षकों ने DIOS कार्यालय पर धरना-प्रदर्शन किया। इस दौरान शिक्षकों ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और विरोध दर्ज कराया।संगठन के जिलाध्यक्ष शरफुद्दीन की अगुवाई में पहुंचे प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन जिला विद्यालय निरीक्षक भोलेंद्र प्रताप सिंह को सौंपा।
धरने को संबोधित करते हुए संगठन के वरिष्ठ उपाध्यक्ष एवं पूर्व एमएलसी डॉ. प्रमोद कुमार मिश्र ने कहा कि वर्तमान सरकार शिक्षकों की समस्याओं के प्रति संवेदनहीन नजर आ रही है। उन्होंने चयन बोर्ड अधिनियम की धारा 18 समाप्त किए जाने को शिक्षकों के हितों के खिलाफ बताया।
जिलाध्यक्ष शरफुद्दीन ने सरकार पर वादाखिलाफी का आरोप लगाते हुए कहा कि विपक्ष में रहते हुए पुरानी पेंशन बहाली की मांग करने वाली भाजपा सत्ता में आने के बाद अपने वादे भूल गई है। उन्होंने कहा कि नई पेंशन योजना (NPS) को लेकर शिक्षकों में असमंजस की स्थिति बनी हुई है और सेवानिवृत्त शिक्षकों के देयकों का भुगतान भी समय पर नहीं हो रहा है।उन्होंने यह भी बताया कि वित्तविहीन विद्यालयों के शिक्षकों को मिलने वाला 999 रुपये का मानदेय भी बंद कर दिया गया, जबकि सम्मानजनक वेतन देने का वादा अब तक पूरा नहीं हुआ है।
संगठन के जिला मंत्री अखिलेश कुमार पांडेय ने कहा कि सरकार द्वारा घोषित चिकित्सा सुविधाएं अभी तक शिक्षकों तक नहीं पहुंच पाई हैं और विनियमितीकरण के मुद्दे पर भी ठोस कदम नहीं उठाए गए हैं।
धरना-प्रदर्शन में मंडलीय अध्यक्ष विजय प्रताप सिंह, विनोद शंकर पांडेय, माया शंकर यादव, पूर्व अध्यक्ष गिरिजेश तिवारी, शिवेंद्र दुबे समेत कई शिक्षक मौजूद रहे।

