दालमंडी चौड़ीकरण परियोजना फिर तेज, 20 दिन बाद दोबारा चली बुलडोजर कार्रवाई

वाराणसी, जनमुख न्यूज़। दालमंडी क्षेत्र में चौड़ीकरण परियोजना के तहत करीब 20 दिनों के अंतराल के बाद शनिवार को एक बार फिर बुलडोजर कार्रवाई शुरू हुई। सुबह से ही इलाके में प्रशासनिक गतिविधियां तेज रहीं और भारी पुलिस बल की मौजूदगी में ध्वस्तीकरण की तैयारियां की गईं।अधिकारियों के मुताबिक इस चरण में कुल 43 भवनों को गिराया जाना है। भवन स्वामियों को शुक्रवार को अंतिम नोटिस जारी कर दिया गया था, जबकि इससे पहले क्षेत्र में मुनादी कर लोगों को मकान और दुकानें खाली करने के निर्देश दिए गए थे।
कार्रवाई की आशंका के चलते शनिवार सुबह दालमंडी क्षेत्र में अधिकांश दुकानें बंद रहीं और इलाके में सन्नाटा पसरा दिखाई दिया। स्थानीय व्यापारियों और मकान मालिकों में ध्वस्तीकरण को लेकर चिंता का माहौल बना रहा। सुबह 10 बजे से प्रस्तावित बुलडोजर कार्रवाई सुरक्षा व्यवस्था और प्रशासनिक तैयारियों के कारण दोपहर बाद शुरू हो सकी। मौके पर प्रशासनिक अधिकारियों के साथ पुलिस और पीएसी के जवान बड़ी संख्या में तैनात रहे।लोक निर्माण विभाग की ओर से चिन्हित भवनों को तत्काल खाली करने के निर्देश दिए गए थे।
अधिकारियों का कहना है कि प्रभावित लोगों को पूर्व में ही नोटिस जारी किए जा चुके हैं और पूरी कार्रवाई नियमानुसार की जा रही है। प्रशासन का दावा है कि सड़क चौड़ीकरण पूरा होने के बाद क्षेत्र की यातायात व्यवस्था बेहतर होगी और लोगों को जाम की समस्या से राहत मिलेगी।

