वाराणसी में करंट लगने से संविदा लाइनमैन की मौत, ट्रांसफार्मर पर काम के दौरान हुआ हादसा

डमी छाया चित्र
वाराणसी, जनमुख न्यूज़। शिवपुर थाना क्षेत्र के इंदरपुर स्थित कांशीराम आवास में मंगलवार दोपहर फॉल्ट ठीक करने के दौरान करंट लगने से एक संविदा लाइनमैन की मौत हो गई। हादसे के बाद बिजली विभाग में हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार कोइलहवा विद्युत उपकेंद्र पर तैनात 55 वर्षीय संविदा लाइनमैन राम जी सोनकर दोपहर करीब साढ़े तीन बजे पुराने कांशीराम आवास क्षेत्र में विद्युत फॉल्ट दुरुस्त करने पहुंचे थे। बताया जा रहा है कि उन्होंने कार्य शुरू करने से पहले शटडाउन भी लिया था, लेकिन गलती से दूसरे फीडर के ट्रांसफार्मर वाले पोल पर चढ़ गए। इसी दौरान उन्हें हाई टेंशन करंट का जोरदार झटका लगा और वह नीचे गिर पड़े।
घटना के तुरंत बाद साथी बिजली कर्मियों ने उन्हें गंभीर हालत में ईएसआईसी हॉस्पिटल पहुंचाया, जहां इलाज के दौरान डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मृतक राम जी सोनकर मकबूल आलम रोड स्थित खजूरी क्षेत्र के निवासी थे। हादसे की सूचना मिलते ही विभागीय अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और मामले की जानकारी ली।
इस घटना के बाद स्थानीय लोगों ने विद्युत विभाग की कार्यप्रणाली और सुरक्षा मानकों पर सवाल उठाए हैं। लोगों का कहना है कि बिजली कर्मियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए ठोस व्यवस्था की जानी चाहिए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।
राम जी सोनकर अपने पीछे पत्नी और बच्चों का भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं। परिवार पर इस हादसे के बाद दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

