सिगरा पुलिस ने घर में चोरी करने वाले शातिर चोर को दबोचा, जेवरात समेत चोरी का सामान बरामद

वाराणसी, जनमुख न्यूज़। थाना सिगरा पुलिस ने घर में घुसकर चोरी करने वाले एक शातिर अभियुक्त को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी का सामान बरामद किया है। यह कार्रवाई पुलिस आयुक्त वाराणसी के निर्देश पर चलाए जा रहे अपराधियों के खिलाफ अभियान के तहत की गई।
पुलिस के मुताबिक, 23 अप्रैल 2026 को सिगरा क्षेत्र स्थित एक मकान का ताला तोड़कर चोरी की घटना को अंजाम दिया गया था। इस मामले में थाना सिगरा में संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था।मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने लहरतारा पुल के नीचे गोल गुम्बद के पास से 23 वर्षीय अभियुक्त पंग पुत्र रजजन को गिरफ्तार किया। आरोपी मूल रूप से प्रयागराज के कृष्णा नगर का निवासी है और वर्तमान में कानपुर नगर के नवाबगंज क्षेत्र में रह रहा था।पुलिस ने आरोपी के पास से चोरी किए गए सोने-चांदी के आभूषण, सिक्के, घड़ी, बाइक की चाबी, ताबीज और अन्य घरेलू सामान बरामद किए हैं। बरामद सामान में सोने का हार, झुमके, अंगूठी, पायल, बिछिया और चांदी के सिक्के शामिल हैं।
पूछताछ में सामने आया कि आरोपी के खिलाफ कानपुर नगर के विभिन्न थानों में चोरी, एनडीपीएस एक्ट और अन्य मामलों में कई मुकदमे दर्ज हैं।गिरफ्तारी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार मिश्रा, उप निरीक्षक मोहम्मद जावेद अशरफ, हेड कांस्टेबल जितेंद्र कुमार सिंह, कांस्टेबल मृत्युंजय सिंह और कांस्टेबल अरविंद कुमार शामिल रहे।

