समय से पहले सक्रिय हुआ मानसून, अंडमान और श्रीलंका पहुंचा; यूपी में 20 जून तक दस्तक की संभावना

वाराणसी, जनमुख न्यूज़। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने इस वर्ष मानसून की सक्रियता को लेकर बड़ा अपडेट जारी किया है। विभाग के अनुसार दक्षिण-पश्चिम मानसून तय समय से करीब पांच से छह दिन पहले ही अंडमान-निकोबार द्वीप समूह और श्रीलंका तक पहुंच गया है। मानसून की शुरुआती तेजी को देखते हुए इस बार देश के कई हिस्सों में समय से पहले बारिश की संभावना जताई जा रही है।
मौसम विभाग ने शनिवार को जारी अपने चार्ट में बताया कि मानसून सामान्य तिथि से पहले सक्रिय हो चुका है। आमतौर पर मानसून 26 मई के आसपास श्रीलंका पहुंचता है, लेकिन इस बार यह उससे पहले ही वहां दस्तक दे चुका है। वहीं, केरल तट पर मानसून के पहुंचने की सामान्य तारीख 1 जून मानी जाती है, हालांकि मौजूदा स्थिति को देखते हुए इसके समय से पहले केरल पहुंचने की संभावना भी बढ़ गई है।मौसम वैज्ञानिकों का मानना है कि मानसून की अच्छी गति के कारण यह तेजी से आगे बढ़ सकता है और जल्द ही देश के मैदानी इलाकों में सक्रिय हो जाएगा।
विभाग के अनुसार उत्तर प्रदेश में मानसून के प्रवेश की संभावित तारीख 20 जून बताई गई है। यूपी में इसका प्रवेश सोनभद्र जिले के रास्ते होने का अनुमान है। हालांकि मौसम विभाग का कहना है कि मानसून समय से पहले पहुंचने की स्थिति में भी प्रदेश में इसका व्यापक असर जून के दूसरे पखवाड़े तक ही पूरी तरह देखने को मिलेगा। इसके बावजूद शुरुआती सक्रियता ने किसानों और आम लोगों की उम्मीदें बढ़ा दी हैं।
आईएमडी ने बताया कि अब मानसून की प्रगति से जुड़े दैनिक अपडेट विभाग के आधिकारिक पोर्टल पर जारी किए जाएंगे, ताकि लोगों को समय-समय पर सटीक जानकारी मिलती रहे।

