लखीमपुर खीरी में भीषण सड़क हादसा: मैजिक और ट्रक की टक्कर में 10 की मौत, दो सगे भाई और शिक्षिका भी शामिल

लखीमपुर खीरी, जनमुख न्यूज़। उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी जिले में सोमवार सुबह दर्दनाक सड़क हादसे में 10 लोगों की मौत हो गई। ईसानगर थाना क्षेत्र में ऊंच गांव भरेहटा के पास लखीमपुर-बहराइच हाईवे पर मैजिक गाड़ी और ट्रक की आमने-सामने हुई भीषण टक्कर में यह हादसा हुआ। हादसे में मैजिक सवार सभी लोगों की जान चली गई। मृतकों में दो सगे भाई और एक शिक्षिका भी शामिल हैं।जानकारी के अनुसार, मैजिक वाहन लखीमपुर से सिसैया की ओर जा रहा था। इसी दौरान सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक से उसकी जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि मैजिक के परखच्चे उड़ गए और मौके पर चीख-पुकार मच गई।घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय लोग राहत एवं बचाव कार्य में जुट गए। करीब 40 मिनट तक चले रेस्क्यू अभियान के बाद घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र खमरिया पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने नौ लोगों को मृत घोषित कर दिया। एक अन्य घायल ने ओयल अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। अस्पताल में एक साथ नौ शव पहुंचने से माहौल बेहद गमगीन हो गया।सीओ धौरहरा शमशेर बहादुर सिंह ने बताया कि सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। हादसे की सूचना मिलते ही जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक समेत अन्य प्रशासनिक अधिकारी अस्पताल पहुंचे और घटना की जानकारी ली। अधिकारियों ने घटनास्थल का भी निरीक्षण किया।हादसे में मृतकों की पहचान अदनान, पप्पू, पवन, सोहन, राजेश गोयल, सहजराम, जयवीर सिंह, गायत्री गुप्ता, जुलेखा समेत अन्य के रूप में हुई है। पवन और सोहन आपस में सगे भाई थे।इस दर्दनाक हादसे पर राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री ने गहरा शोक व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री ने मृतकों के परिजनों को दो-दो लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है। घटना के बाद मृतकों के परिवारों में कोहराम मचा हुआ है और पूरे इलाके में शोक का माहौल है।

