भदोही में खड़े ट्रक से कार टकराई, महिला और ससुर की मौत; पति घायल

भदोही, जनमुख न्यूज़। भदोही जिले में शुक्रवार दोपहर राष्ट्रीय राजमार्ग पर सड़क किनारे खड़े भारी वाहनों के कारण दर्दनाक हादसा हो गया। औराई थाना क्षेत्र के कटका गोदाम के पास एक तेज रफ्तार कार खड़े ट्रक से जा टकराई। हादसे में कार सवार महिला और उसके ससुर की मौत हो गई, जबकि महिला का पति घायल हो गया।
जानकारी के अनुसार, प्रतापगढ़ जिले के चिलबिला निवासी शिवम अग्रवाल अपनी पत्नी प्रगति खंडेलवाल (27) और पिता प्रभात अग्रवाल (63) को वाराणसी इलाज के लिए लेकर गए थे। उपचार के बाद तीनों कार से वापस लौट रहे थे। इसी दौरान कटका गोदाम के पास सड़क किनारे खड़े ट्रकों की कतार में उनकी कार पीछे से एक ट्रक में जा घुसी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में प्रगति खंडेलवाल की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल प्रभात अग्रवाल ने अस्पताल ले जाते समय रास्ते में दम तोड़ दिया। चालक शिवम अग्रवाल घायल हो गए, जिन्हें पुलिस ने अस्पताल में भर्ती कराया।
सूचना मिलते ही औराई थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से कार में फंसे लोगों को बाहर निकाला। दुर्घटना के कारण हाईवे की दक्षिणी लेन पर करीब आधे घंटे तक यातायात प्रभावित रहा। बाद में पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहन हटवाकर आवागमन सामान्य कराया।
हादसे के बाद सड़क किनारे खड़े अन्य ट्रक और ट्रेलर चालक अपने वाहन लेकर मौके से फरार हो गए। प्रभारी निरीक्षक राजेश सिंह ने बताया कि दुर्घटना से जुड़े वाहन को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

