यूपी सरकार का बड़ा फैसला: जिला पंचायत अध्यक्ष बने प्रशासक, नई व्यवस्था तक संभालेंगे कार्यभार

लखनऊ, जनमुख न्यूज़। उत्तर प्रदेश सरकार ने सभी 75 जिला पंचायत अध्यक्षों को प्रशासक नियुक्त कर दिया है। पंचायती राज विभाग के प्रस्ताव पर मुहर लगाते हुए शासन ने शुक्रवार देर रात इसका आदेश जारी कर दिया। अब नई जिला पंचायतों के गठन तक संबंधित जिला पंचायतों और क्षेत्र पंचायतों का संचालन निवर्तमान जिला पंचायत अध्यक्ष प्रशासक के रूप में करेंगे।
वर्ष 2021 के त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में निर्वाचित जिला पंचायत अध्यक्षों की पहली बैठक 12 जुलाई 2021 को हुई थी। इसी आधार पर उनका पांच वर्षीय कार्यकाल 11 जुलाई को समाप्त हो रहा है। कार्यकाल समाप्त होने के बाद प्रशासनिक व्यवस्था बनाए रखने के लिए सरकार ने यह निर्णय लिया है।
इससे पहले 26 मई को ग्राम पंचायत प्रधानों का कार्यकाल समाप्त होने पर भी प्रदेश सरकार ने पहली बार निवर्तमान ग्राम प्रधानों को ही प्रशासक नियुक्त किया था। पूर्व में यह जिम्मेदारी प्रशासनिक अधिकारियों को सौंपी जाती थी, लेकिन अब इसी व्यवस्था को जिला पंचायतों और क्षेत्र पंचायतों में भी लागू किया गया है।
सरकार के इस फैसले के बाद अब ब्लॉक प्रमुखों को भी प्रशासक बनाए जाने की संभावना बढ़ गई है। ब्लॉक प्रमुखों का कार्यकाल 19 जुलाई को समाप्त हो रहा है। सूत्रों के अनुसार, इस संबंध में शासन 18 जुलाई को आदेश जारी कर सकता है।

