दिशा बैठक में केंद्रीय मंत्री हरदीप पुरी सख्त: जल जीवन मिशन की शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के दिए निर्देश

वाराणसी, जनमुख न्यूज़। हरदीप सिंह पुरी ने सोमवार को वाराणसी में आयोजित जिला विकास समन्वय एवं अनुश्रवण समिति (दिशा) की बैठक में अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि जल जीवन मिशन से जुड़ी शिकायतों का निस्तारण गुणवत्ता और पात्रता के आधार पर सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं का लाभ पारदर्शी तरीके से आम जनता तक पहुंचना चाहिए।सर्किट हाउस सभागार में आयोजित दिशा बैठक में जल जीवन मिशन, प्रधानमंत्री आवास योजना, मनरेगा, शौचालय निर्माण, ग्राम विकास योजनाएं, एनआरएलएम सहित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की समीक्षा की गई। बैठक के दौरान सड़क, पेयजल, स्वास्थ्य, शिक्षा, बिजली और स्वच्छता से संबंधित योजनाओं की प्रगति पर भी विस्तार से चर्चा हुई।केंद्रीय मंत्री ने अधिकारियों से कहा कि विकास कार्यों में गुणवत्ता और समयबद्धता बनाए रखना बेहद जरूरी है। उन्होंने संबंधित विभागों को निर्देश दिया कि योजनाओं के प्रभावी संचालन के लिए जनप्रतिनिधियों और विधायकों से नियमित समन्वय बनाए रखें तथा अगले छह महीने का कार्य कैलेंडर तैयार कर साझा करें।
बैठक में जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने जिले में संचालित योजनाओं की प्रगति की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पीएनजी कनेक्शन की रफ्तार 100 प्रतिदिन से बढ़ाकर 400 प्रतिदिन कर दी गई है और जल्द ही इसे 1000 प्रतिदिन तक पहुंचाने की तैयारी है, ताकि अधिक से अधिक घरों तक पाइपलाइन से गैस आपूर्ति सुनिश्चित की जा सके।
वीरेंद्र सिंह ने वरुणा कॉरिडोर परियोजना की प्रगति और उस पर हुए खर्च का मुद्दा उठाया, जिस पर केंद्रीय मंत्री ने जांच कर अगली दिशा बैठक में रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। उन्होंने कमिश्नरी कंपाउंड, कमच्छा स्थित थियोसोफिकल सोसाइटी की जमीन और डीएलडब्ल्यू स्थित गोल्फ कोर्स परियोजना की जानकारी संबंधित सांसद को उपलब्ध कराने को भी कहा।
सांसद प्रिया सरोज ने करखियांव स्थित अमूल फैक्ट्री और त्रिलोचन बाईपास के पास ब्लैक स्पॉट की समस्या उठाई। इस पर केंद्रीय मंत्री ने एनएचएआई अधिकारियों को मौके का निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने स्मार्ट सिटी परियोजना के तहत अब तक पूरे हुए 62 कार्यों की जानकारी दी। वहीं लोहता क्षेत्र में सड़क निर्माण के बाद जलभराव और सीवर समस्या का मुद्दा भी बैठक में उठा, जिस पर जल निगम ने नई एसटीपी परियोजना की जानकारी दी।
बैठक में जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम मौर्य, महापौर अशोक तिवारी, एमएलसी अन्नपूर्णा सिंह, विधायक डॉ. अवधेश सिंह, त्रिभुवन राम, सौरभ श्रीवास्तव, डॉ. सुनील पटेल समेत कई जनप्रतिनिधि और वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।

