सारनाथ में कार मिस्त्री की संदिग्ध मौत, युवती पर टिप्पणी को लेकर मारपीट का आरोप

वाराणसी, जनमुख न्यूज़। कमिश्नरेट के Sarnath थाना क्षेत्र के सिंहपुर गांव में गुरुवार को एक कार गैराज मिस्त्री की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतक की पहचान सिंहपुर निवासी मनोज कुमार पटेल (40) के रूप में हुई है। परिजनों ने युवती पर टिप्पणी को लेकर मारपीट किए जाने का आरोप लगाया है। पुलिस ने मामले में युवती समेत दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
परिजनों के अनुसार मनोज गुरुवार सुबह बाइक से श्रीनगर बाजार जा रहा था। आरोप है कि रास्ते में प्रिंस पटेल और उसकी मौसी अर्चना पटेल ने उसे रोक लिया। दोनों पक्षों में कहासुनी के बाद मारपीट हुई और मनोज के सिर पर लोहे की रॉड से हमला किया गया। गंभीर रूप से घायल मनोज किसी तरह घर पहुंचा और बिना किसी को घटना की जानकारी दिए सो गया।
दोपहर करीब दो बजे पत्नी उसे जगाने पहुंची तो वह मृत मिला। शरीर पर चोट के निशान देखकर परिजनों में आक्रोश फैल गया और मौके पर हंगामा शुरू हो गया।सूचना मिलने पर एसीपी सारनाथ विदुष सक्सेना और थाना प्रभारी पंकज कुमार त्रिपाठी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
वहीं आरोपी पक्ष का कहना है कि मनोज आए दिन अर्चना पर अभद्र टिप्पणी करता था और उसे परेशान करता था। इसी बात को लेकर प्रिंस ने उसे रोककर पूछताछ की थी। आरोपियों के अनुसार बातचीत के दौरान विवाद बढ़ा और धक्का लगने से मनोज बाइक समेत गिर गया, जिससे उसके सिर में चोट लगी। इसके बाद वह खुद घर चला गया।बताया जा रहा है कि घटना के बाद अर्चना ने ही डायल 112 पर सूचना दी थी। पुलिस के साथ उसका परिवार भी मनोज के घर पहुंचा था, जहां वह घायल अवस्था में मौजूद था।
एसीपी विदुष सक्सेना ने बताया कि मृतक की पत्नी की तहरीर पर हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस हिरासत में लिए गए दोनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों की पुष्टि हो सकेगी।

