मठ की जमीन को लेकर विवाद: दिव्यांग महंत से मारपीट व धमकी का आरोप, जैतपुरा थाने में मुकदमा दर्ज

वाराणसी, जनमुख न्यूज़। जैतपुरा थाना क्षेत्र स्थित श्री भीम बाबा मठ की जमीन को लेकर विवाद का मामला सामने आया है। मठ के महंत जितेंद्र गिरी की तहरीर पर पुलिस ने कई लोगों के खिलाफ मारपीट, धमकी और संपत्ति को नुकसान पहुंचाने के आरोप में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।पुलिस के अनुसार, महंत जितेंद्र गिरी ने शिकायत में बताया कि वह अलईपुर स्थित श्री भीम बाबा मठ के महंत हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि मठ से संबंधित एक भूमि की बाउंड्रीवाल की मरम्मत कराई जा रही थी, तभी कुछ लोगों ने निर्माण कार्य का विरोध किया और काम रुकवाने का प्रयास किया।तहरीर के मुताबिक, आरोपियों ने उन्हें धमकी दी और बाद में बाउंड्रीवाल को क्षतिग्रस्त कर दिया।
महंत का आरोप है कि विरोध करने पर उनके साथ मारपीट की गई तथा जान से मारने की धमकी भी दी गई।घटना के बाद पुलिस को सूचना दी गई, जिसके आधार पर जैतपुरा थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल सभी आरोपों की सत्यता की जांच जारी है।

