व्यापारी संवाद कार्यक्रम में उठीं जीएसटी और कर संबंधी समस्याएं, अधिकारियों ने दिया समाधान का भरोसा

वाराणसी, जनमुख न्यूज़। व्यापार कर खंड-6 की ओर से नेवादा स्थित ईश्वर वाटिका में व्यापारी संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में उपायुक्त अंबिका सिंह, सहायक आयुक्त सौरभ प्रकाश उमराव, राज्य कर अधिकारी द्वारिकानाथ तथा प्रधान सहायक संदीप कुमार ने व्यापारियों से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और समाधान के लिए सुझाव दिए।
संवाद के दौरान व्यापारी वरुण सिंह ने बताया कि कई निर्माण सामग्री की खरीद पर 18 प्रतिशत जीएसटी देना पड़ता है, जबकि बिक्री मात्र 5 प्रतिशत कर की दर पर होती है। इससे छोटे व्यापारियों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ता है और उन्हें रिफंड समेत अन्य प्रक्रियाओं के लिए विभाग के चक्कर लगाने पड़ते हैं। उन्होंने इस समस्या के स्थायी समाधान की मांग की।
व्यापारी नेता अशोक पटेल तथा लंका व्यापार मंडल के अध्यक्ष रवि जायसवाल ने कहा कि छोटे व्यापारियों को कर संबंधी समस्याओं के समाधान के लिए एकल खिड़की व्यवस्था (सिंगल विंडो सिस्टम) लागू किया जाना चाहिए, जिससे उन्हें विभिन्न कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।उपायुक्त अंबिका सिंह ने व्यापारियों को संबोधित करते हुए कहा कि व्यापारियों के लिए दुर्घटना बीमा योजना काफी लाभकारी है। इसके लिए केवल आवश्यक दस्तावेजी औपचारिकताएं पूरी करनी होती हैं। उन्होंने जीएसटी से जुड़े नए सुधारों की जानकारी देते हुए कहा कि व्यापारी समय पर कर जमा करें, जिससे उन्हें ब्याज और अतिरिक्त कर भार जैसी समस्याओं का सामना न करना पड़े।
उन्होंने कहा कि विभाग भविष्य में भी ऐसे व्यापारी संवाद कार्यक्रम आयोजित करता रहेगा, ताकि व्यापारियों को कर नियमों और योजनाओं के प्रति जागरूक किया जा सके।कार्यक्रम में प्रमुख रूप से वरुण सिंह, अशोक पटेल, रवि जायसवाल, अमरनाथ पटेल, गोविंद पाल, शत्रुधन पटेल, मनोज विश्वकर्मा, मदन मौर्य, जितेंद्र पटेल, प्रियांशु सिंह, राहुल सोनकर और हिमांशु सिंह सहित कई व्यापारी मौजूद रहे।

