लखनऊ के कोचिंग सेंटर में भीषण अग्निकांड, 14 की मौत; छात्रों ने जान बचाने के लिए लगाई छलांग

लखनऊ, जनमुख न्यूज़। राजधानी लखनऊ के अलीगंज क्षेत्र स्थित पुरनिया इलाके में सोमवार को एक कोचिंग सेंटर में भीषण आग लगने से बड़ा हादसा हो गया। आग लगने के बाद पूरी इमारत धुएं से भर गई, जिससे अंदर मौजूद छात्रों में अफरा-तफरी मच गई। जान बचाने के लिए कई छात्रों ने ऊंचाई से छलांग लगा दी, जिसमें कई लोग घायल हो गए। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार हादसे में कम से कम 14 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि कई अन्य घायल बताए जा रहे हैं।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, भवन से अचानक धुआं उठता दिखाई दिया, जिसके बाद स्थानीय लोगों ने तत्काल फायर ब्रिगेड और पुलिस को सूचना दी। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और पूरा परिसर आग की चपेट में आ गया। कई छात्र जान बचाने के लिए खिड़कियों और बालकनियों से नीचे कूदते नजर आए।
सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया गया। पुलिस, प्रशासन और आपदा राहत टीमें लगातार फंसे लोगों को बाहर निकालने में जुटी रहीं। बचाव कार्य के दौरान बगल की इमारत की छत से कोचिंग सेंटर की दीवार तोड़कर अंदर पहुंचने का प्रयास किया गया। अब तक कई लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है।
घटना की गंभीरता को देखते हुए उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक मौके पर पहुंचे और राहत कार्यों की निगरानी की। वहीं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अलीगढ़ में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान हादसे पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए कहा कि घायलों के समुचित इलाज के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने पुलिस महानिदेशक और अपर मुख्य सचिव (गृह) को मामले की जांच कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने का निर्देश भी दिया है।
मुख्यमंत्री ने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि घटना की गहन जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है और प्रशासन पूरे मामले की जांच में जुटा हुआ है।

