काशी विद्यापीठ ने यूजी द्वितीय सेमेस्टर परीक्षा का कार्यक्रम जारी किया, 6 से 24 जुलाई तक होंगी परीक्षाएं

वाराणसी,जनमुख न्यूज़। महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ प्रशासन ने राष्ट्रीय शिक्षा नीति (NEP) के अंतर्गत स्नातक द्वितीय सेमेस्टर (सत्र 2025-26) की मुख्य परीक्षाओं का कार्यक्रम जारी कर दिया है। विश्वविद्यालय से संबद्ध वाराणसी, चंदौली, भदोही, मिर्जापुर और सोनभद्र जनपदों के सभी महाविद्यालयों के साथ मुख्य परिसर, गंगापुर परिसर एवं एनटीपीसी परिसर के विद्यार्थियों पर यह परीक्षा कार्यक्रम लागू होगा।जारी समय-सारणी के अनुसार स्नातक द्वितीय सेमेस्टर की परीक्षाएं 6 जुलाई से शुरू होकर 24 जुलाई तक संचालित की जाएंगी। परीक्षा में बीए, बीएससी, बीकॉम और बीबीए पाठ्यक्रमों के नियमित, बैक तथा सुधार श्रेणी के विद्यार्थी शामिल होंगे।विश्वविद्यालय प्रशासन के अनुसार सभी मुख्य विषयों और सह-पाठ्यचर्या (को-करिकुलर) विषयों की परीक्षाएं सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक एकल पाली में आयोजित की जाएंगी। हालांकि, कुछ सह-पाठ्यचर्या विषयों के परीक्षा समय में आंशिक परिवर्तन किया गया है।परीक्षाओं के सुचारु संचालन के लिए विश्वविद्यालय ने सभी संबद्ध महाविद्यालयों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दिए हैं। वहीं, विद्यार्थियों को जल्द ही विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट से प्रवेश पत्र (एडमिट कार्ड) डाउनलोड करने की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।विश्वविद्यालय प्रशासन ने छात्रों से अपील की है कि वे परीक्षा तिथि और विषयों की जानकारी के लिए पोर्टल पर उपलब्ध समय-सारणी का सावधानीपूर्वक मिलान कर लें, ताकि किसी प्रकार की असुविधा से बचा जा सके।

