भाई की शादी का कार्ड बांटने निकला युवक नहर में गिरा, मौत; घर की खुशियां मातम में बदलीं

वाराणसी, जनमुख न्यूज़। चौबेपुर थाना क्षेत्र के पंडापुर गांव के समीप शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में 22 वर्षीय युवक की मौत हो गई। युवक अपने छोटे भाई की शादी का निमंत्रण पत्र बांटने जा रहा था, तभी उसकी बाइक अनियंत्रित होकर नहर में जा गिरी। हादसे के बाद शादी वाले घर में खुशियों का माहौल मातम में बदल गया।
मृतक की पहचान हरिहरपुर धौरहरा निवासी अनिल राजभर (22) के रूप में हुई है। वह पेशे से बाइक मिस्त्री था। परिवार के अनुसार, उसके छोटे भाई सुनील राजभर की शादी 22 जून को निर्धारित है। शादी के निमंत्रण पत्र बांटने के सिलसिले में अनिल अपनी बहन पूजा के घर पंडापुर जा रहा था।
बताया जा रहा है कि पंडापुर गांव के पास पहुंचते ही उसकी बाइक अचानक अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे स्थित सूखी नहर में जा गिरी। हादसे में अनिल गंभीर रूप से घायल हो गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।घटना की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। पिछले वर्ष ही अनिल की शादी हुई थी। वह चार भाइयों में तीसरे नंबर पर था। उसकी पत्नी नेहा का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजनों के अनुसार, वह सदमे में बार-बार बेहोश हो रही है।
सूचना मिलने पर चौबेपुर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।प्रभारी निरीक्षक वीरेंद्र कुमार सोनकर ने बताया कि प्रारंभिक जांच में बाइक के अनियंत्रित होकर नहर में गिरने से हादसा होना सामने आया है। मामले की जांच की जा रही है।

