पता पूछने के बहाने महिला का सोने का टप्स झपटने वाले दो आरोपी गिरफ्तार, नकदी और बाइक बरामद

वाराणसी, जनमुख न्यूज़। लालपुर-पांडेयपुर थाना पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने झपटमारी की एक घटना का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल, 8 हजार रुपये नकद और दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं।पुलिस के अनुसार, 16 जून 2026 को सत्यम नगर कॉलोनी में एक महिला से पता पूछने के बहाने उसके कान से सोने का टप्स झपटकर बदमाश फरार हो गए थे। पीड़िता की तहरीर पर लालपुर-पांडेयपुर थाने में मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू की गई थी।
पुलिस आयुक्त के निर्देश पर चलाए जा रहे अपराध नियंत्रण अभियान के तहत गठित टीम ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए चौबेपुर थाना क्षेत्र के मुरसफाबाद चांदपुर निवासी गणेश सोनकर (20) और पचरांव निवासी दीपक पाठक (23) को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि झपटा गया सोने का टप्स एक फाइनेंस कंपनी में बेच दिया गया था। बिक्री से मिले धनराशि में से बची हुई 8 हजार रुपये की रकम पुलिस ने बरामद कर ली है। पुलिस ने आरोपियों के पास से घटना में प्रयुक्त हीरो एक्सट्रीम मोटरसाइकिल, दो मोबाइल फोन और नकदी भी बरामद की है।
जांच में यह भी सामने आया कि गिरफ्तार आरोपी दीपक पाठक के खिलाफ पूर्व में धोखाधड़ी और गोवध निवारण अधिनियम के तहत मुकदमे दर्ज हैं।पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। अधिकारियों के मुताबिक संयुक्त कार्रवाई से झपटमारी की इस वारदात का सफल अनावरण किया गया है और मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।

