यूपी में जल्द होगी मानसून की एंट्री, 28 जून को पूर्वांचल पहुंचेगा मानसून

लखनऊ/वाराणसी, जनमुख न्यूज़। उत्तर प्रदेश में मानसून का इंतजार अब जल्द खत्म होने वाला है। मौसम विभाग के अनुसार 28 जून को मानसून पूर्वी उत्तर प्रदेश में प्रवेश कर सकता है, जबकि 29 जून से प्रदेश के कई हिस्सों में अच्छी बारिश होने की संभावना है।
क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि मानसून आने से पहले 24 से 28 जून तक प्रदेश के अधिकांश क्षेत्रों में गर्मी और लू का असर बना रहेगा। हालांकि इस दौरान पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुछ जिलों में तेज हवाओं और हल्की बारिश के आसार भी हैं।
मंगलवार को हापुड़, गौतमबुद्ध नगर, आगरा, अलीगढ़ और मथुरा समेत पश्चिमी यूपी के कई इलाकों में तेज हवाएं चलीं और कहीं-कहीं हल्की बारिश भी दर्ज की गई, जिससे लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिली।
मौसम विभाग ने बुधवार के लिए वाराणसी, चंदौली, भदोही, मिर्जापुर, सोनभद्र और प्रयागराज सहित प्रदेश के 31 जिलों में लू चलने का येलो अलर्ट जारी किया है। लोगों को दोपहर के समय सावधानी बरतने और अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलने की सलाह दी गई है।
प्रदेश में गर्मी का प्रकोप लगातार बना हुआ है। मंगलवार को 43.8 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान के साथ बांदा सबसे गर्म जिला रहा। वहीं प्रयागराज में 42.8 डिग्री, फतेहपुर में 42.6 डिग्री, वाराणसी में 42.5 डिग्री और हमीरपुर में 42.2 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।
मौसम विभाग का अनुमान है कि जून के अंतिम सप्ताह में मानसून के सक्रिय होते ही लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिलेगी और प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में बारिश का सिलसिला शुरू हो जाएगा।

