भारतीय क्रिकेटर आकाशदीप विवाह बंधन में बंधे, वाराणसी के ताज होटल में संपन्न हुई शाही शादी

वाराणसी, जनमुख न्यूज़। भारतीय क्रिकेट टीम के तेज गेंदबाज आकाशदीप बुधवार को अक्षिता राज के साथ वैवाहिक बंधन में बंध गए। दोनों की शादी वाराणसी के नदेसर स्थित ताज होटल में भव्य समारोह के बीच संपन्न हुई। इस अवसर के लिए होटल की गुलाबबाड़ी में काशी की सांस्कृतिक थीम पर विशेष मंडप सजाया गया था, जहां परिवारजनों, रिश्तेदारों और करीबी मित्रों की मौजूदगी में विवाह की सभी रस्में पूरी की गईं।
आकाशदीप और अक्षिता राज दोनों बिहार के रोहतास जिले के सासाराम के निवासी हैं। दिन में सासाराम में पारंपरिक वैवाहिक रस्में निभाई गईं, जिसके बाद शाम को आकाशदीप बारात लेकर वाराणसी पहुंचे। ताज होटल में वधु पक्ष ने द्वारपूजा की रस्म के साथ बारात का स्वागत किया। इसके बाद जयमाल और विवाह की अन्य रस्में देर रात तक चलीं।शादी समारोह में करीब 350 मेहमान शामिल हुए। मेहमानों के लिए विशेष भोज का आयोजन किया गया, जिसमें बनारसी व्यंजनों को प्रमुखता दी गई। समारोह में भोजपुरी फिल्म और संगीत जगत के लोकप्रिय कलाकार Pawan Singh भी आकर्षण का केंद्र रहे।
भारतीय क्रिकेट टीम के इंग्लैंड दौरे पर होने के कारण आकाशदीप के साथी खिलाड़ी विवाह समारोह में शामिल नहीं हो सके। हालांकि, मुंबई में आयोजित होने वाले रिसेप्शन में कई क्रिकेटरों के शामिल होने की संभावना जताई जा रही है।शादी से पहले आकाशदीप ने प्रसिद्ध कथावाचक Dhirendra Krishna Shastri से वीडियो कॉल पर बातचीत कर आशीर्वाद प्राप्त किया। वहीं, Jagadguru Rambhadracharya से भी वीडियो कॉल के माध्यम से शुभकामनाएं लीं।
उल्लेखनीय है कि बिहार सरकार ने हाल ही में आकाशदीप को पुलिस विभाग में डिप्टी एसपी पद पर नियुक्त किया है। क्रिकेट और सार्वजनिक जीवन में नई जिम्मेदारियों के बीच उनके विवाह समारोह को लेकर परिवार और शुभचिंतकों में खास उत्साह देखने को मिला।

