अग्रसेन कन्या पीजी कॉलेज के 16 बर्खास्त शिक्षकों को बड़ी राहत, कुलपति ने सेवा बहाली और वेतन भुगतान के दिए निर्देश

वाराणसी, जनमुख न्यूज़। अग्रसेन कन्या पीजी कॉलेज से वर्ष 2025 में हटाए गए 16 शिक्षकों को बड़ी राहत मिली है। महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ के कुलपति ने मामले की सुनवाई के बाद कॉलेज प्रबंधन को सभी शिक्षकों की सेवा बहाल करने तथा नियमानुसार वेतन और अन्य लंबित देयकों का भुगतान करने का निर्देश दिया है। कुलपति का यह आदेश 30 जून 2026 को जारी किया गया।
दरअसल, जून 2025 में कॉलेज प्रबंधन ने 16 शिक्षकों की सेवाएं समाप्त कर दी थीं। प्रबंधन ने उस समय शिक्षकों के अनुमोदन, उपस्थिति और अन्य प्रशासनिक कारणों का हवाला देते हुए यह कार्रवाई की थी। इसके बाद प्रभावित शिक्षक लगातार न्याय की मांग को लेकर कॉलेज प्रशासन, विश्वविद्यालय और न्यायालय का दरवाजा खटखटाते रहे।
शिक्षकों ने अगस्त 2025 में वाराणसी दौरे पर आए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से भी मुलाकात कर सेवा बहाली की मांग रखी थी। बाद में मामला न्यायालय पहुंचा, जहां से काशी विद्यापीठ के कुलपति को पूरे प्रकरण की सुनवाई कर निर्णय लेने का निर्देश दिया गया था।
कोर्ट के निर्देश के अनुपालन में सुनवाई पूरी करने के बाद कुलपति ने शिक्षकों के पक्ष में फैसला सुनाते हुए सेवा बहाली और बकाया वेतन सहित अन्य देयकों के भुगतान का आदेश जारी किया।हालांकि, कॉलेज प्रबंधन ने फिलहाल इस आदेश पर तत्काल अमल के संकेत नहीं दिए हैं। कॉलेज के अध्यक्ष दीपक अग्रवाल का कहना है कि कुलपति के आदेश का अध्ययन किया जा रहा है और इस संबंध में अंतिम निर्णय प्रबंध समिति की बैठक में लिया जाएगा।
वहीं, कॉलेज की प्राचार्य प्रो. मिथिलेश सिंह ने बताया कि उन्हें कुलपति के आदेश की जानकारी है, लेकिन संस्थान से जुड़े प्रशासनिक निर्णय लेने का अधिकार कॉलेज प्रबंधन के पास है। अब सभी की नजर प्रबंध समिति की बैठक और उसके निर्णय पर टिकी हुई है।

