वाराणसी में युवक की गोली मारकर हत्या, पट्टीदारी विवाद में वारदात की आशंका

वाराणसी, जनमुख न्यूज़। सिंधोरा थाना क्षेत्र के मझवा गांव में गुरुवार रात पुरानी रंजिश ने खूनी रूप ले लिया। घर के बाहर खड़े 22 वर्षीय युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए आरोपितों की तलाश शुरू कर दी है।
मृतक की पहचान सौरभ सिंह (22) पुत्र लालू सिंह के रूप में हुई है। पुलिस और परिजनों के अनुसार सौरभ का अपने पट्टीदारों से लंबे समय से विवाद चल रहा था। करीब दो सप्ताह पहले भी दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हुई थी, जिसके बाद से तनाव बना हुआ था।बताया जा रहा है कि गुरुवार रात करीब 9:15 बजे सौरभ अपने घर के बाहर खड़ा था। इसी दौरान कुछ लोगों ने उसे अपने पास बुलाया। जैसे ही वह उनके करीब पहुंचा, हमलावरों ने उसके सिर में गोली मार दी। गोली लगते ही सौरभ मौके पर ही गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़ा।गोली चलने की आवाज सुनकर परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे। घायल युवक को तत्काल सिंधोरा के एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही सिंधोरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया, जबकि वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी फरार हो गए
थाना प्रभारी ज्ञानेंद्र त्रिपाठी ने बताया कि शुरुआती जांच में मामला पुरानी पट्टीदारी रंजिश से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों की तहरीर के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद गांव में एहतियातन पुलिस बल तैनात कर निगरानी बढ़ा दी गई है।

