रामनगर की रामलीला का मंचन 17 सितंबर से

वाराणसी,जनमुख न्यूज। विश्वप्रसिद्ध रामनगर की रामलीला का मंचन १७ सितंबर से शुरू हो जायेगा। वहीं, शुक्रवार को परंपरानुसार शाम छह बजे चौक स्थित रामलीला पक्की पर द्वितीय गणेश पूजन हुआ। रामलीला ट्रस्ट के मंत्री जय प्रकाश पाठक यजमान के तौर पर पूजा पर बैठे।१६ सितंबर तक मानस के बालकांड के उन १७५ दोहों के उन प्रसंगों का रोज रात में रामायणी सस्वर गायन करेंगे, जिनका रामलीला में मंचन नहीं किया जाता है। सबसे पहले हनुमानजी के मुखौटे की पूजा की गई। उसके बाद रामचरित मानस की पोथी, रामलीला में बोले जाने वाले संवादों की पुस्तिका की पूजा की गई। इसके बाद रामायणियों ने मानस पाठ शुरू किया।आगामी १६ सितंबर तक रोज शाम को बालकाण्ड के दोहों का पाठ रामायणी करेंगे। इस दौरान उन १७५ दोहों का पाठ होगा जो लीला में मंचित नहीं किए जाते। इसका नेतृत्व प्रधान रामायणी श्रीराम पांडेय करेंगे। १७ सितंबर को अनंत चतुर्दशी के दिन रावण जन्म के प्रसंग से रामलीला विधिवत शुरू होगी।

