दालमंडी चौड़ीकरण के दौरान हादसा: मलबे से गिरी ईंट लगने से बैग दुकानदार घायल, ट्रॉमा सेंटर में मौत

वाराणसी, जनमुख न्यूज़। दालमंडी चौड़ीकरण अभियान के दौरान मंगलवार दोपहर एक हादसे में बैग के एक दुकानदार गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल को तत्काल बीएचयू ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।
जानकारी के मुताबिक, मरियम अस्पताल गली स्थित जंजीरा शाह मस्जिद के पास ध्वस्तीकरण का कार्य चल रहा था। इसी दौरान ध्वस्त किए जा रहे मकान की छत पर एक बंदर के कूदने से ईंट नीचे गिर गई, जो वहां से गुजर रहे बैग दुकानदार चुन्नू के सिर पर आ लगी। चोट लगते ही वह गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास मौजूद लोगों ने उन्हें तत्काल ई-रिक्शा से बीएचयू ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया। जहाँ उसकी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई की। स्थानीय लोगों का कहना है कि ध्वस्तीकरण क्षेत्र में आम लोगों के प्रवेश पर रोक है, लेकिन कई लोग बैरिकेड पार कर अंदर चले जाते हैं, जिससे हादसों की आशंका बनी रहती है।
एसीपी दशाश्वमेध डॉ. अतुल अंजान त्रिपाठी ने आम नागरिकों और मीडिया कर्मियों से अपील की है कि वे दालमंडी चौड़ीकरण क्षेत्र में अनावश्यक रूप से प्रवेश न करें। उन्होंने बताया कि जुलाई के अंत तक परियोजना का कार्य तेज गति से चलेगा, इसलिए सभी को सुरक्षा निर्देशों का पालन करना चाहिए।
हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने प्रशासन से ध्वस्तीकरण स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था और सख्त करने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

