शादी का झांसा देकर किन्नर से चार साल तक शोषण का आरोप, लाखों की नकदी-जेवर लेकर फरार होने की शिकायत

वाराणसी, जनमुख न्यूज़। लालपुर-पांडेयपुर क्षेत्र की रहने वाली एक किन्नर ने हुकुलगंज निवासी युवक पर शादी का झांसा देकर चार वर्षों तक शारीरिक और आर्थिक शोषण करने का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।पीड़िता के अनुसार, हुकुलगंज निवासी अंकित कुमार यादव से उसकी मुलाकात यजमानी के दौरान हुई थी। आरोप है कि करीब चार वर्ष पहले युवक ने कोल्ड ड्रिंक में नशीला पदार्थ मिलाकर पिला दिया और बेहोशी की हालत में उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए।
विरोध करने पर आरोपी ने मंदिर में शादी करने और जीवनभर साथ निभाने का भरोसा दिया।पीड़िता का कहना है कि वह किन्नर होने के कारण शुरुआत में संबंध बनाने के लिए तैयार नहीं थी, लेकिन आरोपी के आश्वासन पर विश्वास कर लिया। इसके बाद आरोपी लगातार उसका शारीरिक और आर्थिक शोषण करता रहा।
शिकायत के मुताबिक, आरोपी ने बड़े भाई की शादी का हवाला देकर 4.50 लाख रुपये उधार लिए, जिन्हें वापस नहीं किया। इसके अलावा आधार कार्ड लेकर लौटाया नहीं और नया आधार कार्ड बनवाने के नाम पर भी कई हजार रुपये ले लिए।पीड़िता ने आरोप लगाया कि 20 मई 2026 की रात आरोपी ने प्रसाद के नाम पर लड्डू खिलाया। अगले दिन सुबह जब उसकी नींद खुली तो आरोपी घर से गायब था। साथ ही घर में रखे करीब पांच लाख रुपये नकद, सोने की चेन, छह अंगूठियां, मांगटीका, बाली, मंगलसूत्र और चांदी की पायल भी गायब मिली।
पीड़िता का आरोप है कि घटना के बाद आरोपी ने मोबाइल, फेसबुक, इंस्टाग्राम और व्हाट्सएप पर उसे ब्लॉक कर दिया। शिकायत में यह भी कहा गया है कि आरोपी के परिजनों ने विरोध करने पर अभद्र व्यवहार किया, जबकि आरोपी अश्लील फोटो और वीडियो वायरल करने तथा जान से मारने की धमकी दे रहा है।
पुलिस ने पीड़िता की तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है। साथ ही आरोपी के परिजनों से पूछताछ की जा रही है और उसकी तलाश में पुलिस की टीम जुटी हुई है।

