शक्तिनगर मार्ग पर दर्दनाक हादसा: ट्रेलर की चपेट में आने से बाइक सवार तीन युवकों की मौत

वाराणसी/सोनभद्र, जनमुख न्यूज़। वाराणसी-शक्तिनगर मार्ग पर पिपरी थाना क्षेत्र के मड़ैया गांव के पास गुरुवार शाम हुए भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। तेज रफ्तार ट्रेलर की टक्कर के बाद तीनों युवक उसके पहियों के नीचे आ गए, जिससे उनकी घटनास्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
पुलिस के अनुसार, शाम करीब 5:30 बजे तीन युवक एक ही बाइक पर सवार होकर मकरा की ओर जा रहे थे। इसी दौरान विपरीत दिशा से आ रहे तेज रफ्तार ट्रेलर ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि तीनों युवक ट्रेलर के नीचे आ गए और उनके शव बुरी तरह क्षत-विक्षत हो गए।
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पिपरी थाना पुलिस पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से शवों को सड़क से हटाकर पोस्टमार्टम के लिए हिंडाल्को चिकित्सालय की मोर्चरी भिजवाया। दुर्घटना के कारण वाराणसी-शक्तिनगर मार्ग पर कुछ समय तक यातायात बाधित रहा। पुलिस ने ट्रेलर और क्षतिग्रस्त बाइक को हटवाकर आवागमन सामान्य कराया।
समाचार लिखे जाने तक तीनों मृतकों की पहचान नहीं हो सकी थी। पुलिस वाहन के पंजीकरण नंबर और अन्य उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर उनकी शिनाख्त का प्रयास कर रही है। आसपास के थानों को भी सूचना भेजी गई है ताकि गुमशुदगी की रिपोर्ट से मिलान किया जा सके।
पिपरी थाना प्रभारी राजेश जी. चौबे ने बताया कि मृतकों की पहचान कराने का प्रयास जारी है। पहचान होने के बाद परिजनों को सूचना देकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई कराई जाएगी। साथ ही हादसे के कारणों की जांच कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

