चीन की जूता फैक्टरी में भीषण आग, 28 मजदूरों की मौत; राहत-बचाव के लिए विशेष टीम रवाना

बीजिंग, अंतर्राष्ट्रीय न्यूज़। चीन के पूर्वी फुजियान प्रांत के क्वांझोउ स्थित जिनजियांग शहर में गुरुवार को एक जूता फैक्टरी में भीषण आग लगने से कम से कम 28 लोगों की मौत हो गई। हादसे के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई और बड़े पैमाने पर राहत एवं बचाव अभियान चलाया गया।प्रत्यक्षदर्शियों द्वारा साझा किए गए वीडियो में फैक्टरी से उठती ऊंची लपटें और घना धुआं दिखाई दे रहा है। आग ने देखते ही देखते पूरे कारखाने और आसपास की इमारतों को अपनी चपेट में ले लिया।
चीन के आपातकालीन प्रबंधन मंत्रालय के अनुसार, आग दोपहर करीब 12 बजे लगी। घटना की गंभीरता को देखते हुए राहत और बचाव कार्यों की निगरानी के लिए एक संयुक्त विशेषज्ञ टीम जिनजियांग भेजी गई है।
हादसे पर चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने गहरा दुख व्यक्त करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिया है कि बचाव अभियान में पूरी ताकत झोंकी जाए, घायलों का बेहतर इलाज सुनिश्चित किया जाए और आग लगने के कारणों की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच जारी है। स्थानीय प्रशासन ने घटना स्थल को घेरकर जांच शुरू कर दी है।

