काशी की आध्यात्मिकता से अभिभूत हुए अभिनेता बोमन ईरानी, बाबा विश्वनाथ के दर्शन कर बोले— कल्पना से कहीं अधिक अद्भुत है बनारस

वाराणसी, जनमुख न्यूज़। बॉलीवुड अभिनेता बोमन ईरानी दो दिवसीय वाराणसी प्रवास के दौरान काशी की आध्यात्मिक, सांस्कृतिक और धार्मिक विरासत से रूबरू हुए। उन्होंने श्री काशी विश्वनाथ धाम में विधि-विधान से बाबा विश्वनाथ का दर्शन-पूजन किया, गंगा में क्रूज यात्रा कर 84 घाटों की भव्यता निहारी और शहर के प्रमुख धार्मिक एवं ऐतिहासिक स्थलों का भ्रमण किया।
सुबह श्री काशी विश्वनाथ धाम पहुंचकर बोमन ईरानी ने पूरे वैदिक रीति-रिवाज से पूजा-अर्चना की। पूजा के दौरान उन्होंने मंत्रों का शुद्ध उच्चारण किया, जिसकी उपस्थित लोगों ने सराहना की। काशी निवासी सौरभ ने बताया कि मंदिर में वैदिक परंपरा के अनुसार पूजा संपन्न कराई गई और अभिनेता ने पूरे श्रद्धाभाव के साथ अनुष्ठान में भाग लिया।
वाराणसी प्रवास के दौरान अभिनेता ने शहर के पारंपरिक व्यंजनों का भी स्वाद लिया। उन्होंने प्रसिद्ध बनारसी टमाटर चाट का आनंद लिया और स्थानीय खान-पान व संस्कृति की खुलकर प्रशंसा की। इस दौरान उन्होंने स्थानीय लोगों से भी संवाद किया।
धार्मिक यात्रा के क्रम में बोमन ईरानी ने आदि केशव घाट स्थित प्राचीन मंदिर तथा लाट भैरव मंदिर में भी दर्शन-पूजन किया। उन्हें काशी की धार्मिक परंपराओं, पौराणिक महत्व और प्राचीन मंदिरों के इतिहास की जानकारी भी दी गई। भ्रमण के दौरान उन्हें शहर के कई ऐसे धार्मिक और सांस्कृतिक स्थलों से भी परिचित कराया गया, जिनके बारे में सामान्यतः कम लोग जानते हैं।
बोमन ईरानी ने कहा कि उन्होंने काशी के बारे में बहुत कुछ सुना था, लेकिन इस बार शहर को करीब से देखने और समझने का अवसर मिला। उन्होंने कहा, “पहले केवल इतना जानते थे कि यहां की चाट प्रसिद्ध है और बाबा विश्वनाथ व काल भैरव का मंदिर है, लेकिन इस यात्रा में काशी की आध्यात्मिकता, इतिहास और संस्कृति का जो स्वरूप देखने को मिला, वह हमारी कल्पना से कहीं अधिक अद्भुत है।”
उन्होंने बताया कि यह उनकी वाराणसी की तीसरी यात्रा है। इससे पहले दो बार आने के बावजूद उन्हें श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में दर्शन का अवसर नहीं मिला था। करीब सात वर्ष बाद तीसरी यात्रा में बाबा विश्वनाथ के दर्शन को उन्होंने अपने जीवन का सौभाग्यपूर्ण और अविस्मरणीय अनुभव बताया।

