राम मंदिर चढ़ावा मामले पर कांग्रेस का हमला, बोलीं रागिनी नायक— श्रद्धालुओं की आस्था से खिलवाड़ करने वालों को जवाब देना होगा

वाराणसी, जनमुख न्यूज़। कांग्रेस की राष्ट्रीय प्रवक्ता डॉ. रागिनी नायक ने वाराणसी में आयोजित प्रेस वार्ता में राम मंदिर के चढ़ावे से जुड़े कथित गबन प्रकरण को लेकर केंद्र सरकार और राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि इस मामले से करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था और विश्वास को गहरी ठेस पहुंची है।
प्रेस वार्ता की शुरुआत उन्होंने रामचरितमानस की चौपाई “सिया राममय सब जग जानी…” का पाठ कर की। इसके बाद उन्होंने कहा कि भगवान श्रीराम के प्रति श्रद्धा रखने वाले प्रत्येक व्यक्ति की भावनाएं इस प्रकरण से आहत हुई हैं। उनका आरोप था कि जिन लोगों ने राम मंदिर निर्माण के लिए श्रद्धापूर्वक अपना योगदान दिया, उनके विश्वास के साथ छल हुआ है।
रागिनी नायक ने रामचरितमानस की चौपाई “परहित सरिस धरम नहिं भाई, पर पीड़ा सम नहिं अधमाई” का उल्लेख करते हुए कहा कि भगवान राम के नाम पर कथित अनियमितता करने वाले लोग धर्म और आस्था दोनों के साथ अन्याय कर रहे हैं।कांग्रेस प्रवक्ता ने कहा कि भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस इस पूरे मामले में जवाबदेही तय करने की मांग करती है। उन्होंने कहा कि यदि किसी भी स्तर पर चढ़ावे या मंदिर से जुड़े धन में अनियमितता हुई है, तो दोषियों को कानून के दायरे में लाया जाना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि देशभर के श्रद्धालुओं ने अपनी मेहनत की कमाई, बचत और आस्था के साथ राम मंदिर निर्माण में योगदान दिया था, इसलिए इस मामले की निष्पक्ष जांच आवश्यक है।
डॉ. नायक ने कहा कि कांग्रेस इस मुद्दे को लगातार उठाती रहेगी और दोषियों की जवाबदेही सुनिश्चित करने की मांग करती रहेगी। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि भगवान राम के नाम का राजनीतिक लाभ उठाया गया है, जबकि अब श्रद्धालुओं की भावनाओं से जुड़े सवालों का जवाब देने से बचा जा रहा है।

