गंगा में नाव पलटी, 18 मजदूर थे सवार; छह के लापता होने की आशंका

भागलपुर, जनमुख न्यूज़। नवगछिया पुलिस जिला अंतर्गत खरीक प्रखंड के राघोपुर इलाके में बुधवार को गंगा नदी में बड़ा नाव हादसा हो गया। मजदूरों को लेकर नदी पार कर रही नाव तेज धारा के बीच अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई। नाव के पलटते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई और कई मजदूर तेज बहाव में बहने लगे।जानकारी के अनुसार, नाव पर कुल 18 मजदूर सवार थे, जो काम के सिलसिले में गंगा पार कर रहे थे। हादसे के बाद 12 मजदूर तैरकर सुरक्षित घाट तक पहुंचने में सफल रहे, जबकि करीब छह मजदूरों के लापता होने की आशंका है।घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन और एसडीआरएफ की टीम मोटरबोट के साथ मौके पर पहुंची। गोताखोरों की मदद से लापता मजदूरों की तलाश के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया। बचाव अभियान में स्थानीय ग्रामीण और गोताखोर भी सहयोग कर रहे हैं।प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, नाव पलटने के दौरान कुछ मजदूरों के उसके नीचे दबे होने की भी आशंका है। इसे देखते हुए एसडीआरएफ की टीम नदी की तेज धारा के बीच नाव के आसपास भी लगातार तलाशी अभियान चला रही है।
फिलहाल प्रशासन की निगरानी में राहत और बचाव अभियान जारी है। रेस्क्यू टीम लापता मजदूरों की तलाश में जुटी है। हादसे के बाद इलाके में चिंता और दहशत का माहौल है।

