मोहनसराय हाईवे पर दर्दनाक हादसा, कंटेनर की चपेट में आए मजदूर की मौत; 100 मीटर तक घसीटता रहा वाहन

वाराणसी, जनमुख न्यूज़। रोहनिया थाना क्षेत्र के मोहनसराय हाईवे पर मंगलवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में 37 वर्षीय मजदूर की मौत हो गई। सड़क पार कर रहे व्यक्ति को तेज रफ्तार कंटेनर ने टक्कर मार दी। हादसे के बाद चालक वाहन रोकने के बजाय भागने लगा, जिससे घायल व्यक्ति करीब 100 मीटर तक सड़क पर घिसटता चला गया। पहिये में शव फंसने पर चालक कंटेनर छोड़कर मौके से फरार हो गया।
सूचना पर पहुंची रोहनिया पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, मिसिरपुर पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने कंटेनर को कब्जे में लेकर हाईवे पर यातायात सामान्य कराया।
मृतक की पहचान छितौनी कोट, रोहनिया निवासी नंदलाल राजभर (37) के रूप में हुई। उनकी पहचान मौके पर पहुंचे बड़े भाई संजय कुमार ने की। परिजनों के अनुसार नंदलाल पीडब्ल्यूडी में मजदूरी का कार्य करते थे और मंगलवार सुबह काम पर जाने के लिए घर से निकले थे।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और फरार कंटेनर चालक की तलाश शुरू कर दी है। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

