पीएम आवास के बाहर कांग्रेस का पांच घंटे धरना, राहुल-प्रियंका समेत कई नेता हिरासत में, रात में सभी रिहा


नई दिल्ली, जनमुख न्यूज़। नीट पेपर लीक, शिक्षा व्यवस्था में जवाबदेही और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर कांग्रेस ने मंगलवार को प्रधानमंत्री आवास के बाहर जोरदार विरोध-प्रदर्शन किया। करीब पांच घंटे तक चले धरने के बाद दिल्ली पुलिस ने कार्रवाई करते हुए लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा, समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव सहित कई विपक्षी नेताओं को हिरासत में ले लिया। देर रात सभी नेताओं को रिहा कर दिया गया।
जानकारी के अनुसार, कांग्रेस सांसद पहले पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के आवास पर उनके जन्मदिन की शुभकामनाएं देने पहुंचे थे। इसके बाद राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और खरगे के नेतृत्व में पार्टी नेता अचानक प्रधानमंत्री आवास की ओर मार्च करते हुए पहुंच गए और धरने पर बैठ गए। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के खिलाफ नारेबाजी करते हुए छात्रों से जुड़े मुद्दों पर जवाबदेही की मांग की।
धरने के दौरान पुलिस ने प्रधानमंत्री आवास की ओर जाने वाले सभी मार्गों पर बैरिकेडिंग कर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी। शुरुआती चरण में पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी, सुखजिंदर सिंह रंधावा समेत कई नेताओं को हिरासत में लिया गया। बाद में राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और अन्य वरिष्ठ नेताओं को भी पुलिस ने धरनास्थल से हटाकर हिरासत में ले लिया।
कांग्रेस नेताओं के अनुसार, पुलिस कार्रवाई से बचने के लिए राहुल गांधी ने प्रदर्शन में शामिल सांसदों को जिप-टाई दी, ताकि वे एक-दूसरे के हाथ बांधकर शांतिपूर्ण ढंग से बैठे रहें और उन्हें हटाना आसान न हो।इस दौरान केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह धरनास्थल पहुंचे और राहुल गांधी से बातचीत की। हालांकि वार्ता बेनतीजा रही। कांग्रेस ने स्पष्ट किया कि शिक्षा मंत्री के इस्तीफे और संसद में चर्चा की मांग पूरी होने तक आंदोलन जारी रहेगा। वहीं, डॉ. जितेंद्र सिंह ने दावा किया कि सरकार चर्चा के लिए तैयार थी, लेकिन कांग्रेस ने अपनी शर्तें बदल दीं।
धरने के समर्थन में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) की नेता सुप्रिया सुले भी प्रदर्शन स्थल पर पहुंचीं।पुलिस कार्रवाई के दौरान राहुल गांधी को हिरासत में लेकर मॉडल टाउन थाने ले जाया गया, जबकि प्रियंका गांधी को मंदिर मार्ग थाने में रखा गया। प्रियंका से मिलने के लिए कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी भी मंदिर मार्ग थाने पहुंचीं। देर रात करीब 10 बजे पुलिस ने सभी हिरासत में लिए गए नेताओं को रिहा कर दिया।

