आधे घंटे की बारिश में जलमग्न हुआ BHU मुख्य द्वार, जलनिकासी व्यवस्था पर उठे सवाल

वाराणसी, जनमुख न्यूज़। मंगलवार को हुई महज आधे घंटे की बारिश ने शहर की जलनिकासी व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए। बारिश के बाद वाराणसी के कई इलाकों, गलियों, चौराहों और प्रमुख मार्गों पर जलजमाव हो गया। काशी हिंदू विश्वविद्यालय (BHU) के मुख्य द्वार पर भी पानी भरने से मरीजों, छात्र-छात्राओं और आम लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ा।
महानगर युवा कांग्रेस अध्यक्ष चंचल शर्मा ने जलजमाव को लेकर नगर निगम और प्रदेश सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि वाराणसी को विश्वस्तरीय शहर बनाने के दावे किए जाते हैं, लेकिन थोड़ी सी बारिश में ही सड़कों और चौराहों पर पानी भर जाता है।
चंचल शर्मा ने कहा कि BHU मुख्य द्वार जैसे महत्वपूर्ण स्थान पर जलजमाव नगर निगम की जलनिकासी व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़ा करता है। यहां रोजाना बड़ी संख्या में मरीज, उनके परिजन, छात्र और आम नागरिक आते-जाते हैं। उन्होंने मांग की कि जलजमाव की समस्या के स्थायी समाधान के लिए प्रभावी जलनिकासी व्यवस्था विकसित की जाए। युवा कांग्रेस नेताओं ने कहा कि जनता को विज्ञापनों में नहीं, बल्कि जमीन पर बेहतर सड़क, साफ-सफाई और सुचारु जलनिकासी व्यवस्था चाहिए। हर बारिश में जलजमाव की समस्या सामने आना जिम्मेदार विभागों की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़ा करता है।
इस दौरान महानगर युवा कांग्रेस अध्यक्ष चंचल शर्मा, कैंट विधानसभा अध्यक्ष धीरज सोनकर, महासचिव आयुष पटेल, उपाध्यक्ष आस्तोष श्रीवास्तव सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।

