प्रदेश में 3446 तकनीकी सहायकों को मिले नियुक्ति पत्र, वाराणसी के 22 अभ्यर्थी शामिल

वाराणसी, जनमुख न्यूज़। उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग द्वारा चयनित अधीनस्थ कृषि सेवा (वर्ग-3) के प्राविधिक सहायक ग्रुप-सी पद के अभ्यर्थियों को मंगलवार को नियुक्ति पत्र वितरित किए गए। वाराणसी के कृषि भवन सभागार में आयोजित कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम मौर्या ने जिले के 22 नवनियुक्त प्राविधिक सहायकों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए। कार्यक्रम में संयुक्त कृषि निदेशक, वाराणसी मंडल शैलेन्द्र कुमार, जिला कृषि अधिकारी संगम सिंह सहित कृषि विभाग के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम मौर्या ने नवनियुक्त तकनीकी सहायकों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि कृषि विभाग की योजनाओं को प्रभावी ढंग से किसानों तक पहुंचाने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका होगी। केंद्र और प्रदेश सरकार की कृषि योजनाओं को जमीनी स्तर पर लागू कराने के साथ किसानों को आधुनिक कृषि तकनीक अपनाने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा, जिससे उनकी आय बढ़ाने में मदद मिले।
वाराणसी में नियुक्ति पत्र पाने वाले अभ्यर्थियों में नेहा यादव, तृप्ति सिंह, आकृति, नूपुर विश्वास, आयुषी सिंह, नीरज कुमार पटेल, अंचल मौर्या, आराधना वर्मा, अलका कुमारी, आशीष कुमार, ज्योति कुमारी, विजेंद्र यादव, समीक्षा मौर्या, अंशु वर्मा, पंकज सिंह, रश्मि सिंह, प्रियंका पटेल, अशोक कुमार, पंकज तिवारी, शिप्रा कुमार और प्रसून पटेल शामिल रहे।
अधीनस्थ कृषि सेवा (वर्ग-3) प्राविधिक सहायक ग्रुप-सी के प्रदेशभर में कुल 3446 पदों के लिए चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र वितरित किए गए हैं। नवनियुक्त तकनीकी सहायक कृषि विभाग की विभिन्न योजनाओं को किसानों तक पहुंचाने और आधुनिक कृषि तकनीकों के प्रति उन्हें जागरूक करने में सहयोग करेंगे।

