जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक में स्वास्थ्य योजनाओं की समीक्षा, डीएम ने दिए सख्त निर्देश

वाराणसी, जनमुख न्यूज़। जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार की अध्यक्षता में मंगलवार को जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक हुई। बैठक में जिले में संचालित विभिन्न स्वास्थ्य योजनाओं और राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने लाभार्थीपरक योजनाओं के क्रियान्वयन और भुगतान में किसी भी तरह की लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए।
जननी सुरक्षा योजना की समीक्षा में बताया गया कि जिले में अब तक 12,744 लाभार्थियों को योजना का भुगतान किया जा चुका है। इस मामले में वाराणसी प्रदेश में छठे स्थान पर है। जिलाधिकारी ने प्रदर्शन में और सुधार के निर्देश देते हुए कहा कि जिन चिकित्सा संस्थानों में लाभार्थियों का भुगतान लंबित है, वहां प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध भुगतान सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने जननी सुरक्षा योजना में आशा कार्यकर्ताओं की भूमिका की भी समीक्षा की। जिले में 290 आशा कार्यकर्ताओं द्वारा योजना के तहत कोई प्रसव नहीं कराए जाने के मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित आशा कार्यकर्ताओं को नियमानुसार नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।
टीकाकरण की कम प्रगति पर ग्राम सभा स्तर तक होगी समीक्षा
टीकाकरण कार्यक्रम की समीक्षा के दौरान अपेक्षित प्रगति नहीं मिलने पर जिलाधिकारी ने संबंधित क्षेत्रों की ग्राम सभा और सब-सेंटर स्तर तक समीक्षा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिन क्षेत्रों में टीकाकरण की स्थिति कमजोर है, वहां इसके कारणों की पहचान कर तत्काल सुधारात्मक कदम उठाए जाएं। सभी पात्र बच्चों का समय से शत-प्रतिशत टीकाकरण सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।
हेल्थ डैशबोर्ड में वाराणसी पांचवें स्थान पर
बैठक में बताया गया कि उत्तर प्रदेश हेल्थ डैशबोर्ड की रैंकिंग में वाराणसी पांचवें स्थान पर है। जिलाधिकारी ने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों से प्रदर्शन की समीक्षा करते हुए रैंकिंग में और सुधार के लिए निरंतर निगरानी और प्रभावी कार्ययोजना लागू करने के निर्देश दिए।
नमो शक्ति रथ से स्तन कैंसर स्क्रीनिंग की समीक्षा
‘नमो शक्ति रथ’ के माध्यम से संचालित स्तन कैंसर स्क्रीनिंग अभियान की भी समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने अधिक से अधिक पात्र महिलाओं की स्क्रीनिंग कराने और जांच के दौरान संदिग्ध पाए जाने वाले मामलों में आगे की आवश्यक जांच और उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा।
बैठक में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के अंतर्गत संचालित राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम, कृमि मुक्ति दिवस, गैर-संचारी रोग नियंत्रण कार्यक्रम और टीबी मुक्त भारत अभियान समेत अन्य स्वास्थ्य कार्यक्रमों की भी समीक्षा हुई। जिलाधिकारी ने सभी योजनाओं में निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण प्रगति और नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. एनपी सिंह ने विभिन्न स्वास्थ्य कार्यक्रमों की प्रगति, विभागीय प्रयासों और आगामी कार्ययोजना की जानकारी जिलाधिकारी को दी।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी प्रखर कुमार सिंह, जिला कार्यक्रम प्रबंधक, जनपद स्तरीय चिकित्सालयों के प्रमुख चिकित्सा अधीक्षक/मुख्य चिकित्सा अधीक्षक, अपर एवं उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी, प्रभारी चिकित्सा अधिकारी, डॉ. महेंद्र सोनी सहित अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

