आंबेडकर प्रतिमा स्थापित करने को लेकर बदायूं में बवाल, पुलिस-प्रशासन पर पथराव; कई वाहन क्षतिग्रस्त

बदायूं, जनमुख न्यूज़। फैजगंज बेहटा थाना क्षेत्र के राजा की सीकरी गांव में ग्राम समाज की खलिहान भूमि पर बिना अनुमति डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा स्थापित किए जाने और बाद में प्रतिमा को गिराकर क्षतिग्रस्त किए जाने के आरोपों को लेकर मंगलवार को दिनभर तनाव की स्थिति बनी रही। शाम को मामला उस समय बिगड़ गया, जब प्रतिमा स्थापित करने की मांग कर रहे ग्रामीणों की भीड़ ने पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों पर पथराव कर दिया।
करीब आधे घंटे तक चले पथराव में एसडीएम और सीओ समेत पुलिस-प्रशासन के अधिकारियों के कई वाहन क्षतिग्रस्त हो गए। स्थिति बिगड़ने पर अधिकारियों को मौके से हटकर खुद को सुरक्षित करना पड़ा। पथराव में कुछ पुलिसकर्मियों और नागरिकों के घायल होने की भी जानकारी सामने आई है।पथराव में एक पीएसी ट्रक, फायर ब्रिगेड की गाड़ी, एसडीएम, तहसीलदार और नायब तहसीलदार के वाहनों के अलावा वजीरगंज, बिसौली, उघैती, फैजगंज बेहटा और बिल्सी के इंस्पेक्टरों की गाड़ियां क्षतिग्रस्त हुईं। दो निजी एंबुलेंस के शीशे भी टूट गए।
घटना के दौरान आसफपुर के अधिवक्ता प्रदीप कुमार के सिर में पत्थर लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनके सिर में छह टांके लगाए गए। पथराव में एसडीएम के पैर और उनके अर्दली के हाथ में भी चोट आई। करीब आधा दर्जन महिला पुलिसकर्मियों समेत अन्य पुलिसकर्मी भी घायल हुए।
सूचना मिलते ही जिलाधिकारी अवनीश राय और एसएसपी अंकिता शर्मा मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित करने के लिए मोर्चा संभाला। पुलिस बल ने कार्रवाई करते हुए भीड़ को मौके से खदेड़ा और आंबेडकर प्रतिमा को अपने कब्जे में लेकर सुरक्षित स्थान पर रखवा दिया। पुलिस ने करीब 12 लोगों को हिरासत में लिया है।एसएसपी अंकिता शर्मा के अनुसार, ग्राम समाज की भूमि पर आंबेडकर प्रतिमा लगाए जाने की सूचना मिलने के बाद सुबह से ही मौके पर पुलिस बल तैनात था। शाम करीब साढ़े सात बजे कुछ लोगों ने पुलिस और प्रशासन की टीम पर पथराव कर दिया, जिसमें कई वाहन क्षतिग्रस्त हुए और पुलिसकर्मियों को चोटें आईं।एसएसपी ने बताया कि प्रतिमा को सुरक्षित रखवा दिया गया है और फिलहाल मौके पर स्थिति सामान्य है। हिरासत में लिए गए लोगों से पूछताछ की जा रही है। मामले में मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। मौके पर एहतियातन पुलिस बल तैनात किया गया है।

