‘स्कूल ठीक करो’ अभियान के वीडियो को लेकर आप नेता गिरफ्तार, प्रधानाध्यापक ने बताया दावा भ्रामक

वाराणसी, जनमुख न्यूज़। आम आदमी पार्टी के ‘स्कूल ठीक करो’ अभियान के तहत सरकारी विद्यालय की स्थिति का वीडियो सोशल मीडिया पर साझा करने के मामले में आदमपुर पुलिस ने पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता मुकेश सिंह को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने यह कार्रवाई प्राथमिक विद्यालय कोनिया पंचायत भवन को लेकर सोशल मीडिया पर किए गए दावों के संबंध में दर्ज शिकायत के आधार पर की है।आम आदमी पार्टी प्रदेश में सरकारी स्कूलों की स्थिति को लेकर ‘स्कूल ठीक करो’ अभियान चला रही है। इसी अभियान के तहत आप प्रदेश प्रवक्ता मुकेश सिंह ने आदमपुर क्षेत्र स्थित कोनिया प्राथमिक विद्यालय का वीडियो बनाकर अपने एक्स हैंडल पर पोस्ट किया था। पोस्ट में आरोप लगाया गया था कि गरीब बच्चों को शिक्षा से वंचित करने के लिए विद्यालय को बंद कर दिया गया है।
वहीं, विद्यालय के प्रधानाध्यापक कमलेश दत्त पांडेय ने पुलिस को दी शिकायत में सोशल मीडिया पोस्ट में किए गए दावों को भ्रामक और असत्य बताया। उनके अनुसार, जुलाई 2023 में विद्यालय के जर्जर भवन की छत का एक हिस्सा गिर गया था। बच्चों की सुरक्षा को देखते हुए इसके बाद विद्यालय की कक्षाएं पास स्थित कोनिया सट्टी प्राथमिक विद्यालय के भवन में स्थानांतरित कर दी गई थीं।प्रधानाध्यापक के मुताबिक, विद्यालय बंद नहीं हुआ है। वर्तमान में यहां 52 बच्चे नामांकित हैं, जिन्हें शिक्षक नियमित रूप से पढ़ा रहे हैं।
विद्यालय के पुराने भवन को लेकर मामला न्यायालय में लंबित बताया गया है। प्रधानाध्यापक के अनुसार, मामले में स्टे ऑर्डर होने के कारण पुराने भवन में नए निर्माण का काम नहीं हो पा रहा है।शिकायत मिलने के बाद आदमपुर थाना पुलिस ने मामले में प्राथमिकी दर्ज की और कार्रवाई करते हुए आप प्रदेश प्रवक्ता मुकेश सिंह को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस मामले में सोशल मीडिया पोस्ट और लगाए गए आरोपों से जुड़े तथ्यों की जांच कर रही है।

