ज्वेलर्स की दुकान से चार लाख के गहने और 10 हजार नकदी चोरी का आरोप, गार्ड पर केस दर्ज

वाराणसी, जनमुख न्यूज़। चितईपुर थाना क्षेत्र स्थित मां शीतला ज्वेलर्स की दुकान से करीब चार लाख रुपये के सोने-चांदी के आभूषण और 10 हजार रुपये नकद चोरी होने का मामला सामने आया है। दुकान मालिक विनय कुमार सिंह, निवासी महमूरगंज, सिगरा ने अपने गार्ड सुरेंद्र यादव पर चोरी का आरोप लगाते हुए गुरुवार को चितईपुर थाने में मुकदमा दर्ज कराया है।
विनय कुमार सिंह के मुताबिक, चंदौली के सकलडीहा क्षेत्र के कमालपुर निवासी सुरेंद्र यादव को करीब पांच वर्षों से दुकान की सुरक्षा और देखभाल के लिए गार्ड के तौर पर रखा गया था। लंबे समय से काम करने के कारण दुकानदार को उस पर काफी भरोसा था। इसी वजह से वह कई बार दुकान गार्ड के भरोसे छोड़कर चाय-नाश्ता करने भी चले जाते थे।
दुकानदार के अनुसार, बुधवार को दुकान खोलने पर काउंटर में रखा एक चांदी का सिक्का गायब मिला। पूछताछ करने पर गार्ड सुरेंद्र यादव की जेब से कथित तौर पर वही चांदी का सिक्का बरामद हुआ।इसके बाद दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई। दुकानदार का आरोप है कि फुटेज में सुरेंद्र यादव द्वारा अलग-अलग दिनों में काउंटर से सोने-चांदी के आभूषण और नकदी ले जाते हुए देखा गया। दुकानदार के मुताबिक चोरी किए गए आभूषणों की अनुमानित कीमत करीब चार लाख रुपये और नकदी करीब 10 हजार रुपये है।
चितईपुर पुलिस ने दुकानदार की तहरीर के आधार पर आरोपित गार्ड सुरेंद्र यादव के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच कर रही है। चोरी हुए आभूषणों और नकदी की बरामदगी के प्रयास भी किए जा रहे हैं।

